इंडिया गठबंधन दिल्ली की सातों सीटों को बहुत बड़े अंतराल से जीतेगा । आप पार्टी का दावा

4 May, 2024, 7:01 pm

नई दिल्ली, 04 मई 2024

नई दिल्ली लोकसभा सीट से इंडिया गठबंधन के ‘‘आप’’ प्रत्याशी सोमनाथ भारती ने शनिवार को भारी जन समर्थन के साथ अपना नामांकन दाखिल किया। उनकी नामांकन यात्रा में बड़ी संख्या में लोकतंत्र और संविधान से प्यार करने वाले लोगों ने हिस्सा लिया। हाथ में ‘‘आप’’ का झंडा और सिर पर टोपी लगाए लोगों ने ‘जेल का जवाब वोट से’ देने का संकल्प लिया। घर के बड़े बुजुर्गों का आशीर्वाद लेकर नामांकन के लिए निकले सोमनाथ भारती के साथ उनकी पत्नी, दोनों बच्चे, ‘‘आप’’ के दिल्ली प्रदेश संयोजक एवं कैबिनेट मंत्री गोपाल राय, कैबिनेट मंत्री सौरभ भारद्वाज, मेयर डॉ. शैली ओबेरॉय समेत कई विधायक व पार्षद भी मौजूद रहे। इस दौरान गोपाल राय ने कहा कि नई दिल्ली से 10 साल तक सांसद और केंद्रीय मंत्री रहीं भाजपा की सांसद ने क्षेत्र में कोई काम नहीं किया है। इन्होंने दिल्ली की जनता के लिए काम कर रहे सीएम अरविंद केजरीवाल को भी जेल में डाल दिया है, इससे जनता में भाजपा के खिाफ भारी आक्रोश है। लोग अपने वोट से जवाब देने के लिए 25 मई का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।

पूरे देश में भाजपा की तानाशाही के खिलाफ आवाज उठा रही है- गोपाल राय

‘‘आप’’ के दिल्ली प्रदेश संयोजक एवं कैबिनेट मंत्री गोपाल राय ने कहा कि पूरे देश में भाजपा की तानाशाही के खिलाफ आवाज उठा रही है। नई दिल्ली लोकसभा सीट से इंडिया गठबंधन के प्रत्याशी सोमनाथ भारती ने नामांकन किया। पूरे दिल्ली के अंदर लोग दो प्रमुख मुद्दों पर चर्चा कर रहे हैं। पहला, नई दिल्ली लोकसभा के लोगों ने भाजपा को वोट देकर 10 साल तक सांसद बनाया। यहां से जीत कर भाजपा की सांसद केंद्रीय मंत्री भी बनी, लेकिन 10 साल में नई दिल्ली के लोगों के लिए कुछ काम नहीं किया। लोगों में भारी नाराजगी है। दूसरा, दिल्ली में अरविंद केजरीवाल जनता के काम कर रहे थे, इन लोगों ने उनको भी उठाकर जेल में डाल दिया। इसलिए नई दिल्ली के अंदर लोगों में डबल आक्रोश है। लोगों का एक ही नारा ‘तानाशाही हटाओ-काम करने वाला सांसद बनाओ’ का है। 

गोपाल राय ने कहा कि सोमनाथ भारती ने मालवीय नगर में लगातार तीन बार विधायक चुने गए और लोगों के लिए काम किया। आज पूरी नई दिल्ली की जनता ऐसे ही जन प्रतिनिधि को पसंद कर रही है। दिल्ली की जनता भाजपा की तानाशाही का जवाब अपने वोट से देने के लिए बेसब्री से इंतजार कर रही है। हमारी शुभकामनाएं सोमनाथ भारती के साथ है कि वो सफलता पूर्वक इस चुनाव को लड़ें और जीते। जैसे केजरीवाल सरकार काम करती है, वैसे ही सोमनाथ भारती केजरीवाल का सांसद बनकर दिल्ली के लोगों के लिए काम करें और इस तानाशाही के खिलाफ आवाज बनें।

‘‘आप’’ के वरिष्ठ नेता एवं दिल्ली सरकार में कैबिनेट मंत्री सौरभ भारद्वाज ने कहा कि आज नई दिल्ली लोकसभा सीट से इंडिया गठबंधन से आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी एवं मालवीय नगर से विधायक सोमनाथ भारती ने नामांकन दाखिल किया। सोमनाथ भारती के साथ लोकसभा क्षेत्र में आने वाली सभी विधानसभाओं के ‘‘आप’’ के प्रत्याशी और दिल्ली प्रदेश संयोजक एवं कैबिनेट मंत्री गोपाल राय, मेयर डॉ. शैली ओबेरॉय समेत सभी पार्षद उनको शुभकामनाएं देने आए थे। इंडिया गठबंधन दिल्ली की सातों सीटों को बहुत ही बड़े अंतराल से जीतेगा और भाजपा सारी सीटें हारेगी।

दिल्लीवाले अपने वोट से भाजपा को बताएंगे कि केजरीवाल की गिरफ्तारी से कितने आक्रोशित है- सोमनाथ भारती

सोमनाथ भारती ने कहा कि इस बार का चुनाव अलग चुनाव है। इस बार का चुनाव सीधे-सीधे लोकतंत्र और संविधान बचाने का चुनाव है। इस बार के चुनाव में और कोई दूसरी राय नहीं है। 10 साल पुरानी भाजपा की सरकार ने देश को हर स्तर पर कमजोर करने का काम किया है। चाहे हम लोकतंत्र के मसले को देख लें, संविधान को देख लें। इन्होंने लोकतंत्र को तार-तार किया है। तीन बार के चुने हुए दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को बिना सबूत के रात के अंधेरे में गिरफ्तार करके ले गए। यह देश की जनता देख रही है कि किस प्रकार से देश में तानाशाही चरम सीमा पर है। आज हर तरफ एक ही बात है कि अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी का जनता अपने वोट से जवाब देगी। हम अहिंसावादी और गांधीवादी लोग हैं। गांधीवादी अपनी बारी का इंतजार करता है। हम गोड्सेवादी नहीं हैं, भाजपा गोड्सेवादी है। इसलिए भाजपा वाले हिंसा का सहारा लेते हैं। हम अहिंसक लोग हैं, हम जनता के वोट का साथ लेंगे। दिल्ली की जनता वोट के माध्यम से बताएगी कि वो अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी से कितनी आक्रोशित और गुस्से में है।

सोमनाथ भारती की नामांकन यात्रा में जमकर लगे लोकतंत्र बचाओ के नारे

नई दिल्ली से इंडिया गठबंधन के प्रत्याशी सोमनाथ भारती की नामांकन यात्रा सुबह करीब 10 बजे शुरू हुई। उनकी नामांकन यात्रा में भारी संख्या में समर्थकों ने हिस्सा लिया। समर्थकों ने लोकतंत्र बचाओ और संविधान बचाओ के जमकर नारे लगाए। इसके अलावा, झाड़ू की चोट से, जेल का जवाब वोट से’ के भी खूब नारे लगे।

लोकप्रिय