UIDAI ने लॉन्च की नई सुविधा, अब myAadhaar पोर्टल पर कर सकेंगे परिवार के सदस्य की मृत्यु रिपोर्ट

16 July, 2025, 8:34 pm

 नई दिल्ली: देश में आधार नंबर से जुड़ी धोखाधड़ी पर लगाम लगाने के लिए भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (UIDAI) ने बड़ी पहल की है। अब नागरिक myAadhaar पोर्टल पर परिवार के सदस्य की मृत्यु की रिपोर्ट कर सकेंगे। यह सेवा अभी 24 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में शुरू की गई है, जिनमें नागरिक पंजीकरण प्रणाली (CRS) लागू है। UIDAI ने कहा कि इस कदम का मकसद मृतक व्यक्तियों के आधार नंबर को निष्क्रिय करना है ताकि किसी भी तरह के पहचान फ्रॉड को रोका जा सके। खास बात यह है कि सेवा पूरी तरह डिजिटल है। परिवार का सदस्य खुद को ऑथेंटिकेट कर मृत व्यक्ति की जानकारी पोर्टल पर दर्ज करेगा, जिसमें आधार नंबर और मृत्यु प्रमाण पत्र संख्या अनिवार्य होगी। सत्यापन के बाद UIDAI मृतक का आधार डीएक्टिवेट कर देगा।

UIDAI के मुताबिक, RGI से अब तक 1.55 करोड़ मौत के रिकॉर्ड मिले हैं, जिनमें से करीब 1.17 करोड़ आधार नंबर पहले ही डीएक्टिवेट किए जा चुके हैं। बाकी राज्यों में भी प्रक्रिया तेजी से चल रही है। यही नहीं, UIDAI अब बैंकों और अन्य आधार इकाइयों से भी मृत्यु के डेटा जुटाने की तैयारी कर रहा है। इतना ही नहीं, जिन आधार धारकों की उम्र 100 साल से ऊपर है, उनकी स्थिति की पुष्टि के लिए राज्यों से संपर्क किया जा रहा है ताकि डेटा को अपडेट किया जा सके। UIDAI का कहना है कि इस सेवा का उद्देश्य सिर्फ डेटा शुद्धता ही नहीं बल्कि मृतक के आधार नंबर के दुरुपयोग को रोकना है।

UIDAI ने नागरिकों से अपील की है कि वे मृत्यु प्रमाण पत्र मिलने के बाद अपने दिवंगत परिजनों की जानकारी पोर्टल पर जरूर अपडेट करें। अगर आप अपने परिवार के किसी सदस्य का आधार डीएक्टिवेट करना चाहते हैं तो [https://myaadhaar.uidai.gov.in](https://myaadhaar.uidai.gov.in) पर जाकर प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।

Broadcast Mantra  की तरफ से यह सलाह – अपने डेटा को अपडेट रखें और किसी भी तरह की पहचान फ्रॉड से सतर्क रहें। जरूरी जानकारी: सेवा: परिवार के सदस्य की मृत्यु रिपोर्ट करने की सुविधा कहां: myAadhaar पोर्टल पर राज्य: फिलहाल 24 राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों में उपलब्ध प्रक्रिया: आधार नंबर + मृत्यु प्रमाण पत्र के जरिए रिपोर्टिंग