जंतर मंतर पर कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन, जम्मू-कश्मीर को राज्य का दर्जा बहाल करने की मांग तेज

नई दिल्ली | 22 जुलाई, 2025:
कांग्रेस ने एक बार फिर जम्मू-कश्मीर को पूर्ण राज्य का दर्जा बहाल करने और लद्दाख को संविधान की छठी अनुसूची में शामिल करने की मांग को लेकर दिल्ली के जंतर मंतर पर जोरदार प्रदर्शन किया। पार्टी ने ऐलान किया है कि संसद के मानसून सत्र में यह मुद्दा लोकसभा और राज्यसभा दोनों में पुरजोर तरीके से उठाया जाएगा। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने प्रदर्शन में शामिल जम्मू-कश्मीर कांग्रेस के नेताओं और कार्यकर्ताओं को पूरा समर्थन दिया।
जंतर मंतर पर प्रदर्शन की अगुवाई जम्मू-कश्मीर प्रदेश कांग्रेस कमेटी (JKPCC) के अध्यक्ष तारिक हमीद करा, कांग्रेस विधायक दल के नेता जी.ए. मीर और जम्मू-कश्मीर व लद्दाख के प्रभारी डॉ. सैयद नसीर हुसैन ने की। प्रदर्शनकारियों ने जम्मू-कश्मीर के लोगों के लोकतांत्रिक अधिकारों की बहाली की मांग करते हुए केंद्र सरकार पर तानाशाही और असंवैधानिक तरीके से शासन चलाने का आरोप लगाया।
जम्मू-कश्मीर के विभिन्न जिलों से आए 500 से ज्यादा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ‘हमारी रियासत हमारा हक’, ‘लोकतंत्र बहाल करो’, और ‘स्टेटहुड वापस करो’ जैसे नारों के साथ दिल्ली की सड़कों पर सरकार के खिलाफ हुंकार भरी। लंबी यात्रा और सुरक्षा बंदिशों के बावजूद कार्यकर्ता दिल्ली पहुंचे और अपने हक की आवाज बुलंद की।
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने कहा,
“पाहलगाम आतंकी हमले में खुद उपराज्यपाल सुरक्षा चूक मान चुके हैं। इसका साफ मतलब है कि अवैध और गैर-जवाबदेह प्रशासकीय तंत्र लोकतांत्रिक सरकार का विकल्प नहीं हो सकता। जम्मू-कश्मीर को उसकी असेंबली, उसकी आवाज और उसकी गरिमा वापस मिलनी चाहिए। कांग्रेस लोकतंत्र की बहाली तक चुप नहीं बैठेगी।”
इससे पहले रविवार को जम्मू में हुए विरोध प्रदर्शन में कांग्रेस नेताओं को हिरासत में लिया गया था। शनिवार को श्रीनगर में कांग्रेस मुख्यालय में प्रदर्शनकारियों को घेरे में रखा गया था। कांग्रेस का कहना है कि यह आंदोलन अब राष्ट्रीय स्तर पर तेज किया जाएगा।