दिल्ली में ‘हर घर तिरंगा’ बाइक रैली का आगाज़, आज़ादी के जश्न की शुरुआत

नई दिल्ली: स्वतंत्रता दिवस समारोह से पहले मंगलवार को राजधानी दिल्ली में ‘हर घर तिरंगा’ बाइक रैली का भव्य आयोजन हुआ। रैली की शुरुआत भारत मंडपम से हुई, जिसमें केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू, केंद्रीय संस्कृति और पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और कई सांसदों ने हिस्सा लिया।
रैली में हजारों बाइकर्स तिरंगा लेकर निकले और ‘भारत माता की जय’ के नारों से माहौल गूंज उठा। पूरा रास्ता तिरंगे के रंग में रंगा हुआ था और देशभक्ति का उत्साह साफ झलक रहा था।
तिरंगा एकता और बलिदान का प्रतीक — शेखावत
गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि तिरंगा देश की एकता और बलिदान का प्रतीक है, जो हमें स्वतंत्रता संग्राम के शहीदों की याद दिलाता है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू की गई ‘हर घर तिरंगा’ पहल अब एक राष्ट्रीय उत्सव में बदल चुकी है।
उन्होंने हालिया ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की सफलता का जिक्र करते हुए कहा कि देश में अभूतपूर्व गर्व और उत्साह का माहौल है।
‘हर घर तिरंगा’ बना जन आंदोलन
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा, “आज हजारों बाइकर्स तिरंगा लेकर निकले। सांसदों से लेकर सैनिकों तक, हर कोई देशभक्ति के जोश में डूबा है। प्रधानमंत्री मोदी का धन्यवाद, जिन्होंने इस राष्ट्रीय पर्व को हर घर तक पहुंचाया।”
सरकार ने लोगों से 13 से 15 अगस्त के बीच अपने घरों और कार्यस्थलों पर तिरंगा फहराने की अपील की है। इस साल के अभियान में ‘स्वच्छता ही सेवा’ संदेश को भी जोड़ा गया है, ताकि देशभक्ति के साथ-साथ स्वच्छता के प्रति जागरूकता भी बढ़े।