लैंड पूलिंग नीति वापस लेना पंजाब के किसानों की ऐतिहासिक जीत:

17 August, 2025, 6:37 pm

चंडीगढ़, 17 अगस्त 2025
राजपुरा में आयोजित किसान-मज़दूर फतेह रैली में भाजपा राष्ट्रीय महामंत्री तरुण चुग,  पंजाब भाजपा अध्यक्ष सुनील जाखड़ और पंजाब भाजपा कार्यकारी अध्यक्ष अश्विनी शर्मा   केंद्रीय मंत्री रवीनीत सिंह बिट्टू, पूर्व मंत्री  बहन  प्रणीत  कौर, सुभाष  शर्मा,  अनिल  सरीन, ,कृष्ण देव भंडारी, पूर्व  वित्तमंत्री  मनप्रीत  बादल,  फतेह  जंग  सिंह  बाजवा मंच पर मौजूद रहे। हजारों किसानों और भाजपा कार्यकर्ताओं की भारी उपस्थिति ने इस रैली को ऐतिहासिक बना दिया।

भाजपा राष्ट्रीय महामंत्री तरुण चुग ने कहा कि यह पंजाब के किसानों और 3 करोड़ पंजाबियों की ऐतिहासिक जीत है। मान-केजरीवाल का षड्यंत्र पंजाब की जनता ने पूरी तरह ध्वस्त कर दिया है। भगवंत मान और अरविंद केजरीवाल ने पंजाब को अपनी शाही जिंदगी का पिगी बैंक समझ लिया था, लेकिन पंजाब की जनता ने उनका अहंकार तोड़ दिया।

चुग ने कहा कि यह नीति शुरू से ही आप पार्टी की बिल्डर लॉबी और केजरीवाल के चुनावी फंड के लिए बनाई गई थी। छोटे और सीमांत किसानों की जमीन हड़पने की यह खुली साजिश थी। मनीष सिसोदिया और सतेंद्र जैन की चुप्पी इस पूरे प्रकरण पर बेहद शर्मनाक रही, जिन्होंने किसानों के समर्थन में एक शब्द तक नहीं बोला।

उन्होंने कहा कि मान सरकार ने किसानों पर पुलिसिया जुल्म ढाया। SHO से लेकर पटवारी तक किसानों को डराने के लिए गुप्त बैठकें करवाई गईं। भाजपा ने पहले दिन से ही इस काले कानून का विरोध किया। विधानसभा से लेकर सड़कों तक, राज्यपाल को ज्ञापन सौंपने से लेकर हर मंच तक भाजपा किसानों की लड़ाई लड़ी।

चुग ने कहा कि जब-जब किसानों पर हमला होगा, भाजपा पूरी ताकत से उनके हक की रक्षा करेगी। भाजपा के निरंतर विरोध और जनता की एकजुटता ने भ्रष्ट आप सरकार का अहंकार तोड़ दिया। यहां तक कि पंजाब और हरियाणा उच्च न्यायालय ने भी इस नीति को किसान-विरोधी और अन्यायपूर्ण करार दिया था। अदालत ने चेतावनी दी थी कि यह सबसे उपजाऊ जमीन का अधिग्रहण है, जो सामाजिक ढांचे को प्रभावित कर सकता है। इसके बावजूद मान सरकार ने आंख मूंद ली। यह साबित करता है कि आप पार्टी का एजेंडा पंजाबियों के हक से ऊपर सिर्फ अपनी राजनीति है।

कांग्रेस की चुप्पी पर हमला बोलते हुए चुग ने कहा कि कांग्रेस ने किसानों के साथ खड़े होने के बजाय मान और केजरीवाल के भ्रष्ट एजेंडे को मौन सहमति दी। यह पंजाब के अन्नदाता के साथ सबसे बड़ा विश्वासघात है।

चुग ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेशन फर्स्ट, अन्नदाता फर्स्ट के संकल्प ने यह स्पष्ट कर दिया है कि नया भारत अपनी प्रगति और आत्मनिर्भरता के सवाल पर कोई समझौता नहीं करेगा। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत 9.7 करोड़ किसानों को 20,500 करोड़ रुपए की किस्त दी गई और प्रधानमंत्री धान-धान्य योजना से कृषि उत्पादकता को बढ़ावा दिया जा रहा है।

मान सरकार पर सीधा हमला करते हुए चुग ने कहा कि पंजाब की कानून व्यवस्था चरमरा चुकी है, नशा हर गांव में फैल चुका है और जेलें माफिया का स्टूडियो बन चुकी हैं। पंजाब की अर्थव्यवस्था ध्वस्त हो चुकी है और अब GMADA की 20,000 करोड़ रुपए की संपत्तियों को गिरवी रखकर कर्ज लेने की योजना बनाई जा रही है।

उन्होंने कहा कि भगवंत मान को पंजाब के किसानों से माफी मांगनी चाहिए और तत्काल इस्तीफा देना चाहिए। यह साफ संदेश है कि पंजाब का अन्नदाता किसी की जागीर नहीं है। हमारी धरती और अस्मिता की रक्षा के लिए हम किसी भी हद तक लड़ सकते हैं।