राहुल गांधी की राजनीतिक समझ शून्य हो चुकी : बिप्लब कुमार देब

नई दिल्ली, 19 सितंबर। त्रिपुरा के पूर्व मुख्यमंत्री एवं सांसद बिप्लब कुमार देब ने कांग्रेस पार्टी को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि कांग्रेस की मंशा लोकतंत्र को अवैध ठहराना, अराजकता पैदा करना है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेता राहुल गांधी की भाषा और रणनीति भी शहरी नक्सलियों जैसी ही है। बिप्लब कुमार देब ने कहा कि अब राहुल गांधी का कबूलनामा आ चुका है कि राहुल गांधी का लोकतंत्र बचाने से कोई मतलब नहीं है। राहुल गांधी का एक ही मकसद है कि घुसपैठियों के वोट बैंक को कैसे बचाया जा सकता है।
बिप्लब कुमार देब ने कहा कि राहुल गांधी बार-बार झूठे और मनगढंत आरोप लगाकर भारत की संवैधानिक संस्थाओं को कमजोर करने का प्रयास कर रहे हैं। राहुल गांधी पर आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि राहुल गांधी भारत में नेपाल-बांग्लादेश जैसी अराजकता लाने की पूरी तैयारी कर रहे हैं, इसलिए राहुल गांधी घुसपैठियों के वोट बैंक के लिए लड़ रहे हैं।
सांसद ने कहा कि झूठे आरोप लगाना और फिर भाग जाना राहुल गांधी की आदत बन गई है। घुसपैठियों और शहरी नक्सलियों को बचाने के लिए ही राहुल गांधी झूठे और निराधार आरोप लगा रहे हैं। राहुल गांधी की भाषा शैली से स्पष्ट हो गया है कि कांग्रेस पार्टी घुसपैठियों व अर्बन नक्सल्स को बचाने की राजनीति कर रही है। राहुल गांधी के वोट चोरी के आरोपों पर पलटवार करते हुए बिप्लब कुमार देब ने कहा कि चुनाव आयोग राहुल गांधी से शपथ पत्र मांग चुका है। उन्होंने कहा कि अब समय सीमा भी समाप्त हो गई, लेकिन राहुल गांधी ने ना तो माफी मांगी और ना ही शपथपत्र दिया।
बिप्लब कुमार देब ने कहा कि राहुल गांधी की पूरी पीपीटी त्रुटियों और मूर्खतापूर्ण धारणाओं से भरी हुई है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी अपनी विफलताओं को छिपाकर अराजकता का माहौल बनाना चाहते हैं। श्री देब ने कहा कि राहुल गांधी ने बबीता चौधरी, सोनकांतले काशीनाथ और अशोक माणिक राव के नाम मतदाता सूची से हटने के जो दावा किए वे गलत है। इन तीनों मतदाताओं के नाम अभी भी चुनाव आयोग के रिकॉर्ड में वैध हैं।
सांसद देब ने राहुल गांधी को घेरते हुए कहा कि राहुल दावा कर रहे हैं कि कर्नाटक के अलंद में वोट डिलीट कर दिए गए। उन्होंने कहा कि राहुल के बयानों ने साफ कर दिया कि राहुल गांधी की राजनीतिक समझ शून्य हो चुकी है। श्री देब ने कहा कि अलंद के मौजूदा विधायक कांग्रेस के ही बीआर पाटिल है। श्री देब ने सवाल करते हुए कहा कि तो क्या राहुल कह रहे हैं कि राहुल के विधायक “वोट चोरी से जीते हैं?
बिप्लब कुमार देब ने आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस लोकतंत्र से खेल रही है, भाजपा लोकतंत्र की रक्षा कर रही है। कांग्रेस के नेता विभाजन को बढ़ाने के लिए हर मुद्दे में जातिवाद की राजनीतिक कर रहे हैं। कांग्रेस का मकसद लोकतंत्र में विश्वास को तोड़ना, अशांति पैदा करना, भारत को अस्थिर करना है।
बिप्लब कुमार देब ने कहा कि भाजपा का रुख स्पष्ट है। भाजपा लोकतंत्र की रक्षा करती है, जबकि कांग्रेस घुसपैठियों की रक्षा करती है। उन्होंने कहा कि भारत का लोकतंत्र सुरक्षित है। बस कुछ नाकाम लोग अपनी नाकामियों को छिपाने के लिए अराजकता फैलाकर इसे खतरे में डालना चाहते हैं।