महिलाओं को सशक्त बनाना ही राष्ट्र को सशक्त बनाना है: सर्बानंद सोनोवाल

दिब्रूगढ़, 10 अक्तूबर 2025 | ब्रॉडकास्ट मंत्रा ब्यूरो रिपोर्ट
केंद्रीय बंदरगाह, नौवहन और जलमार्ग मंत्री एवं दिब्रूगढ़ लोकसभा क्षेत्र के सांसद श्री सर्बानंद सोनोवाल ने कहा कि “महिलाओं की शक्ति को सशक्त बनाना, राष्ट्र निर्माण की बुनियाद को मजबूत करना है।”
दिब्रूगढ़ में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम में उन्होंने असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्वा सरमा के साथ मिलकर ‘मुख्यमंत्री महिला उद्यमिता अभियान’ के तहत महिलाओं को पूंजी सहायता वितरित की। इस अवसर पर दिब्रूगढ़ विधानसभा क्षेत्र की 14,000 से अधिक महिलाओं को ₹10,000-₹10,000 की बीज पूंजी सहायता दी गई।
महिला सशक्तिकरण से आत्मनिर्भर भारत का मार्ग
सोनोवाल ने कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में भारत ने ‘सबका साथ, सबका विकास’ के मंत्र के तहत समावेशी विकास का मजबूत आधार बनाया है। देश अब दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है और 2029 तक शीर्ष तीन में शामिल होने की दिशा में अग्रसर है। इस यात्रा में महिलाओं की भागीदारी सबसे अहम कड़ी है।”
उन्होंने कहा कि पिछले 11 वर्षों में केंद्र सरकार ने महिला सशक्तिकरण को नीतिगत प्राथमिकता दी है और पारदर्शी व समयबद्ध योजनाओं के माध्यम से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाया है।
सोनोवाल ने कहा, “हर घर की हर महिला अगर आर्थिक रूप से सशक्त होगी, तो भारत को रोकना असंभव होगा। हम आने वाली पीढ़ियों को यह संदेश देना चाहते हैं कि सशक्त भारत की नींव सशक्त महिलाओं से ही बनेगी।”
“भारत अब पीछे मुड़कर नहीं देखेगा”
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि कांग्रेस शासन के दौरान जहां योजनाएँ केवल घोषणाओं तक सीमित थीं, वहीं प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश ने आर्थिक स्वतंत्रता और सामाजिक न्याय की दिशा में ठोस कदम उठाए हैं। उन्होंने कहा, “2047 में जब भारत अपनी आज़ादी के 100 वर्ष पूरे करेगा, तब यह दुनिया का सबसे उन्नत और आत्मनिर्भर राष्ट्र होगा — और उस यात्रा की धुरी हमारी महिलाएँ होंगी।”
कार्यक्रम में शामिल रहे प्रमुख अतिथि
इस अवसर पर असम सरकार के मंत्री प्रसांत फुकन, योगेन मोहन, रंजीत कुमार दास, बिमल बोराह, विधायक बिनोद हजारिका, तेराश गोवाला, तरंगा गोगोई, चक्रधर गोगोई, पंटून बरुआ, दिब्रूगढ़ के उपायुक्त बिक्रम कैरी, नगर निगम के मेयर सैकत पात्रा सहित कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।




