कृषि हो या उद्योग हर क्षेत्र में तरक्की कर रहा हरियाणाः कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा

नई दिल्ली, 16 नवंबर- दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में रविवार को हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा ने हरियाणा स्टेट-डे के आयोजन पर बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। उन्होंने सर्वप्रथम व्यापार मेले में हरियाणा पैवेलियन का अवलोकन किया और अलग-अलग स्टॉल पर जाकर जानकारी ली। इसके उपरांत उन्होंने मेले में एम्फी थियेटर में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों में हरियाणवी प्रस्तुतियों को देखा।
इस दौरान संबोधित करते हुए कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा ने कहा कि हरियाणा 1966 में बना था। तब मात्र 90 करोड़ बजट था। लोग चर्चाएं करते थे कि यह प्रदेश कैसे चलेगा लेकिन हरियाणा ने तरक्की की और आज कृषि हो या उद्योग हर क्षेत्र में हरियाणा तरक्की कर रहा है। भारती की सेना में हरियाणा के 11 प्रतिशत जवानों का योगदान है, प्रदेश के जवान देश सेवा में भी पीछे नहीं है। वहीं कृषि क्षेत्र की बात करें तो हरियाणा अन्न के भंडार भरने में अग्रणी राज्य है। वहीं देश के लिए मेडल लाने की बात हो तो हमारे खिलाड़ी इसमें भी सबसे आगे हैं।
बिना पर्ची और बिना खर्ची के युवाओं को मिल रही नौकरियां
कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा ने कहा कि हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने बिना पर्ची और बिना खर्ची के युवाओं को नौकरी देने का काम किया। इसी परंपरा को मौजूदा मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने निभाया और आज युवाओं को बिना पर्ची और बिना खर्ची के नौकरियां मिल रही हैं। पंक्ति में खड़े अंतिम व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ मिल रहा है।
हरियाणा ने पराली प्रबंधन में किया बेहतर कार्य
उन्होंने कहा कि आज भारत की अर्थव्यवस्था में हरियाणा का अहम योगदान है। प्रदेश सरकार ने पराली प्रबंधन में अच्छा काम किया है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू की जा रही योजनाओं को राज्य में बेहतर तरीके से क्रियान्वित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार प्राकृतिक खेती को बढ़ावा दे रही है। गुरुग्राम और हिसार में प्राकृतिक खेती की मंडी बनाई जाएगी। हर जिले में गऊ अभ्यारणय बनाया जाएगा।
कलाकारों ने दी प्रस्तुतियां
इस मौके पर हरियाणा कला एवं संस्कृति विभाग की ओर से लोक कलाकारों ने अलग-अलग प्रस्तुतियां दी। कलाकारों ने हरियाणवी नृत्य, हरियाणवी फॉक बैंड, हरियाणवी रागणी, हास्य कलाकारों ने अलग-अलग प्रस्तुतियां दी। वहीं पैवेलियन के बाहर बंचारी नंगाड़ा, बीन, डेरू आदि कलाकारों की पार्टियों ने अपनी सांस्कृतिक प्रतुतियां दी।
ये रहे मौजूद
इस मौके पर मुख्य प्रशासक श्यामल प्रसाद, महाप्रबंधक गरिमा मित्तल, प्रशासक विनय प्रताप सिंह, चीफ मैनेजर अनिल कुमार चौधरी, कला एवं संस्कृति अधिकारी मूर्तिकला हदय कौशल, कला एवं संस्कृति अधिकारी चित्रकला रेणू हुड्डा, कला एवं संस्कृति अधिकारी संगीत दीपिका व अन्य मौजूद रहे।




