विदेशी पर्यटकों की पहली पसंद बना महाराष्ट्र, तीन साल में संख्या दोगुनी से अधिक

6 February, 2026, 6:35 pm

 

नई दिल्ली, 6 फरवरी। भारत के पर्यटन क्षेत्र में महाराष्ट्र विदेशी पर्यटकों की पहली पसंद बनकर उभरा है। पिछले तीन वर्षों में राज्य में आने वाले विदेशी पर्यटकों की संख्या दोगुनी से भी अधिक बढ़ी है। केंद्रीय पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने गुरुवार को राज्यसभा में एक लिखित प्रश्न के उत्तर में यह जानकारी दी।

केंद्रीय पर्यटन एवं संस्कृति मंत्रालय द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2022 में महाराष्ट्र में 1.512 मिलियन विदेशी पर्यटक पहुंचे थे, जो 2023 में बढ़कर 3.388 मिलियन हो गए। वर्ष 2024 में यह संख्या और बढ़कर 3.705 मिलियन दर्ज की गई। खास बात यह है कि वर्ष 2024 में भारत आने वाले कुल विदेशी पर्यटकों में से 17.69 प्रतिशत ने महाराष्ट्र का रुख किया, जिससे पर्यटन के क्षेत्र में राज्य की हिस्सेदारी देश में सबसे अधिक रही।

मंत्रालय के अनुसार, भारत को वैश्विक स्तर पर प्रमुख पर्यटन स्थल के रूप में स्थापित करने के लिए कई पहलें की जा रही हैं। इनमें अंतरराष्ट्रीय पर्यटन प्रदर्शनियों में भागीदारी, विदेशी टूर ऑपरेटरों और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स के लिए परिचयात्मक यात्राएं, रोड शो तथा भारतीय खाद्य महोत्सवों का आयोजन शामिल है। इन कार्यक्रमों को राज्य सरकारों और भारतीय दूतावासों के सहयोग से संचालित किया जा रहा है।

पर्यटन स्थलों के विकास के लिए केंद्र सरकार ‘स्वदेश दर्शन 2.0’ और ‘प्रसाद’ (PRASHAD) जैसी योजनाओं के तहत आर्थिक सहायता प्रदान कर रही है। इन योजनाओं का मुख्य उद्देश्य पर्यटन अवसंरचना का विकास और धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत स्थलों का संरक्षण है। मंत्रालय ने बताया कि महाराष्ट्र में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए केंद्र और राज्य सरकार के बीच नियमित समन्वय और समीक्षा बैठकें भी आयोजित की जा रही हैं।