पर्यटन मंत्रालय ने विदेशी भाषा विशेषज्ञ गाइडों के लिए कराया विशेष शैक्षिक दौरा

नई दिल्ली, 7 फरवरी। भारत सरकार के पर्यटन मंत्रालय के क्षेत्रीय कार्यालय (उत्तरी भारत) द्वारा शनिवार को दक्षिण दिल्ली स्थित राय पिथौरा सांस्कृतिक परिसर में आयोजित ग्रैंड इंटरनेशनल एक्सपो “द लाइट एंड द लोटस: रिलिक्स ऑफ द अवेकन्ड वन” के लिए एक विशेष परिचयात्मक एवं शैक्षिक भ्रमण (Familiarisation-cum-Educational Visit) आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम विशेष रूप से रीजनल टूरिस्ट गाइड्स एसोसिएशन (RTGA), दिल्ली के उन सदस्यों के लिए आयोजित किया गया, जो विदेशी भाषाओं में दक्ष हैं और अंतरराष्ट्रीय पर्यटकों, विशेषकर बौद्ध तीर्थयात्रियों का मार्गदर्शन करते हैं।
इस दौरे में जापानी, चीनी, कोरियाई और थाई भाषा में पारंगत गाइडों पर विशेष ध्यान दिया गया, जो नियमित रूप से बौद्ध देशों से आने वाले तीर्थयात्रा समूहों के साथ कार्य करते हैं। कार्यक्रम का उद्देश्य गाइडों को भगवान बुद्ध से जुड़े पिपरहवा अवशेषों तथा प्रदर्शनी की विषयवस्तु से प्रत्यक्ष रूप से अवगत कराना था, ताकि वे अंतरराष्ट्रीय पर्यटकों और सांस्कृतिक यात्रियों को अधिक प्रामाणिक और प्रभावी जानकारी दे सकें।
इस अवसर पर विषय विशेषज्ञों ने प्रतिनिधिमंडल को अवशेषों के ऐतिहासिक, पुरातात्विक और आध्यात्मिक महत्व के साथ-साथ भगवान बुद्ध के उपदेशों की वैश्विक प्रासंगिकता पर विस्तार से जानकारी दी। प्रतिभागियों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इससे बौद्ध धरोहर पर्यटन को मजबूती मिलेगी और विदेशी पर्यटकों को भारत की बौद्ध विरासत से बेहतर तरीके से जोड़ा जा सकेगा।
पर्यटन मंत्रालय का यह प्रयास भारत को वैश्विक बौद्ध पर्यटन मानचित्र पर और सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।




