भारत-अमेरिका ऐतिहासिक व्यापार समझौते को बदनाम करने के लिए कांग्रेस फैला रही है झूठ और भ्रम: तरुण चुग

8 February, 2026, 10:22 pm

 

चंडीगढ़, 08 फरवरी 2026 

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री तरुण चुग ने भारत–अमेरिका व्यापार समझौते को लेकर कांग्रेस और राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला। चुग ने कहा कि जब भी देश मजबूत और दूरदर्शी फैसले लेता है, तब कांग्रेस और राहुल गांधी बिना तथ्यों के देश की छवि खराब करने का अभियान चलाते हैं। चुग ने कहा कि राहुल गांधी लगातार विदेशी नैरेटिव को आगे बढ़ाकर भारत विरोधी ताकतों को बल देने का कार्य करते रहे हैं।

चुग ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने मात्र कुछ ही दिनों के भीतर यूरोप और अमेरिका जैसे वैश्विक आर्थिक शक्तियों के साथ ऐतिहासिक व्यापार समझौते कर देश की बढ़ती वैश्विक प्रतिष्ठा को मजबूत किया है। चुग ने कहा कि केंद्र सरकार ने ‘नेशन फर्स्ट’ नीति पर चलते हुए इस समझौते को अंतिम रूप दिया है, जिसमें देश के आर्थिक और सामरिक हितों को सर्वोपरि रखा गया है और उद्योगों, व्यापारियों तथा युवाओं के लिए नए अवसर सुनिश्चित किए गए हैं।

चुग ने कहा कि कांग्रेस द्वारा किसानों को गुमराह करने का प्रयास पूरी तरह निराधार है। चुग ने स्पष्ट किया कि इस समझौते में गेहूं, चावल, मक्का, डेयरी और पशुपालन जैसे सभी संवेदनशील कृषि क्षेत्रों को पूरी तरह सुरक्षित रखा गया है। चुग ने कहा कि अमेरिका जैसे देशों द्वारा भारी कृषि सब्सिडी दिए जाने के बावजूद भारतीय किसानों के हितों से कोई समझौता नहीं किया गया है और किसी भी प्रकार की हानिकारक आयात छूट की अनुमति नहीं दी गई है, जिसकी पुष्टि समझौते की विस्तृत रूपरेखा में भी स्पष्ट रूप से दर्ज है ।

चुग ने कहा कि कांग्रेस और राहुल गांधी की समस्या यह है कि उन्हें मजबूत और आत्मनिर्भर भारत की सफलता में अवसर नहीं बल्कि अपने वंशवादी और भ्रष्ट राजनीतिक अस्तित्व पर संकट दिखाई देता है। चुग ने जोड़ा कि कांग्रेस रचनात्मक विपक्ष की भूमिका निभाने में असफल रही है और हर राष्ट्रीय उपलब्धि पर भ्रम, झूठ और अविश्वास फैलाने का काम कर रही है।

 

चुग ने आम आदमी पार्टी सहित विपक्षी दलों की चुप्पी पर भी चिंता जताई और कहा कि यह समझौता पंजाब के किसानों, व्यापारियों और युवाओं के लिए नई संभावनाएं लेकर आया है तथा राज्य के औद्योगिक विकास को मजबूती देगा। चुग ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार को इस ऐतिहासिक और दूरदर्शी समझौते के लिए बधाई देते हुए कहा कि यह समझौता भारत को आर्थिक रूप से और अधिक सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध होगा।