बीजेपी के खिलाफ गुरुग्राम से शुरू हुआ स्वराज इंडिया का जनसरोकार अभियान

गुरूग्राम, 1 सितंबर । स्वराज इंडिया ने अपने विधानसभा चुनाव अभियान की शुरुआत कर दी है। प्रदेश के 13 जिलों से होते हुए पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष योगेंद्र यादव की 9 दिवसीय यात्रा को जनसरोकार अभियान का नाम दिया गया है। जहाँ एक तरफ मुख्यमंत्री खट्टर जन आशीर्वाद यात्रा कर रहे हैं वहीं योगेंद्र यादव ने जनता के सरोकार से जुड़े सवालों को मुद्दा बनाते हुए जन सरोकार अभियान की शुरुआत कर दी है।
गुरुग्राम में आयोजित प्रेस वार्ता की शुरुआत करते हुए स्वराज इंडिया प्रदेश अध्यक्ष राजीव गोदारा ने बताया कि कैसे सत्ता और विपक्ष ने हरियाणा को जाति के नाम पर बांट रखा है, रोज़गार के नाम पर इतनी बदहाली है कि हरियाणा आज देश में सबसे अधिक बेरोज़गारी वाला राज्य है, किसानों को फसल का दाम नहीं मिल रहा, युवाओं को काम नहीं मिल रहा और कानून व्यवस्था चरमराई हुई है। कोई भी ऐसी पार्टी नहीं जो सरकार से असल मुद्दों पर सवाल करे। स्वराज इंडिया इस भूमिका को निभाएगी और जनसरोकार के सवालों को मजबूती से उठाएगी।
मीडिया को संबोधित करते हुए पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष योगेंद्र यादव ने हरियाणा की सभी पार्टियों के राजनीतिक दिवालियेपन पर प्रहार करते हुए कहा कि स्वराज इंडिया प्रदेश में सच्चाई, ईमानदारी और बदलाव की राजनीति करने आई है।
योगेन्द्र यादव ने बीजेपी का 2014 घोषणापत्र याद दिलाते हुए कहा कि उन्होंने वादा किया था की गवर्मेंट सेक्टर में जो भी बैकलॉग होगा उसे खत्म कर सारे पदों को भर दिया जाएगा, और हालात अभी ये है कि केवल 41,000 पद तो शिक्षकों के खाली पड़े हैं।
2014 के हरियाणा विधानसभा के मैनिफेस्टो के प्रस्तावना में भाजपा ने यह भी लिखा था कि काँग्रेस राज इतना खराब था कि प्रदेश को कर्ज में डुबो दिया। हरियाणा को इस कर्ज़ से निकालने का वादा करने वाली भाजपा सरकार को स्वराज इंडिया ने आज सच का आईना दिखाया।
यदि इन आंकड़ों को जीडीपी के प्रतिशत कर रूप में देखा जाए तो इस अवधि में प्रदेश का कुल कर्ज़ 15.1% से बढ़कर 22.9% हो गया। जब भाजपा कहती है अबकी बार 75 पार, उसका असल मतलब है कि इस बार अगर सरकार बनी तो हर बच्चे पर चढ़ा कर्ज 75,000 से भी अधिक कर दिया जाएगा।