1.4 करोड़ किराना दुकानों के डिजिटलीकरण की तैयारी, पीयूष गोयल ने FMCG कंपनियों के CEOs के साथ की बैठक
.jpeg)
नई दिल्ली, 30 अक्टूबर। देश के करीब 1.4 करोड़ किराना दुकानों को डिजिटल अर्थव्यवस्था से जोड़ने की दिशा में केंद्र सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल की अध्यक्षता में नई दिल्ली के वाणिज्य भवन में आयोजित भारत कॉमर्स चिंतन शिविर में देश की प्रमुख FMCG कंपनियों के 40 से अधिक वरिष्ठ अधिकारियों ने हिस्सा लिया। बैठक का आयोजन उद्योग एवं आंतरिक व्यापार संवर्धन विभाग (DPIIT) और ओपन नेटवर्क फॉर डिजिटल कॉमर्स (ONDC) ने किया।
बैठक का मुख्य उद्देश्य ONDC के DigiDukaan प्लेटफॉर्म के माध्यम से देश के जनरल ट्रेड और किराना कारोबार को डिजिटल रूप से सशक्त बनाना था। इसमें हिंदुस्तान यूनिलीवर, कोका-कोला इंडिया, ITC, P&G, मैरिको, ब्रिटानिया, एमामी, हल्दीराम और अन्य प्रमुख कंपनियों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
किराना दुकानदार अब डिजिटल माध्यम से कर सकेंगे खरीदारी
DigiDukaan की खासियत यह है कि यह किराना दुकानों को ऑनलाइन बिक्री से पहले डिजिटल खरीदारी और सामान की आपूर्ति से जोड़ने पर केंद्रित है। इसके माध्यम से दुकानदार एक ही डिजिटल इंटरफेस पर विभिन्न कंपनियों, वितरकों और थोक विक्रेताओं के उत्पादों की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे और ऑर्डर दे सकेंगे।
इससे उन्हें उत्पादों की कीमत, उपलब्धता और व्यापारिक योजनाओं की बेहतर जानकारी मिलेगी। सरकार का लक्ष्य मौजूदा वितरण व्यवस्था को समाप्त करना नहीं, बल्कि उसे डिजिटल तकनीक के जरिए अधिक प्रभावी बनाना है।
बैठक में किराना दुकानों की साझा डिजिटल पहचान, साझा लॉजिस्टिक्स नेटवर्क, माइक्रो वेयरहाउसिंग, औपचारिक ऋण की उपलब्धता और तकनीकी एकीकरण जैसे मुद्दों पर विशेष चर्चा हुई।
21 हजार से अधिक दुकानदार DigiDukaan से जुड़े
ONDC के मुताबिक सितंबर 2026 तक DigiDukaan के माध्यम से हैदराबाद, जयपुर और मुंबई में 450 से अधिक ब्रांडों के साथ 21 हजार से ज्यादा खुदरा दुकानदार जुड़ चुके हैं। पिछली तिमाही में यह संख्या 12 हजार से अधिक थी।
हैदराबाद में ही 16 हजार से अधिक दुकानदार इस नेटवर्क से जुड़ चुके हैं। यहां 73 से 78 प्रतिशत तक मासिक दोबारा ऑर्डर देने की दर दर्ज की गई है। ONDC के शुरुआती अध्ययन में 40 प्रतिशत दुकानदारों ने DigiDukaan के माध्यम से खरीदे गए उत्पादों के लिए अपने इन्वेंट्री स्टॉक में कमी आने की बात कही है। इससे कारोबारियों की कार्यशील पूंजी के बेहतर इस्तेमाल की संभावना जताई गई है।
पीयूष गोयल ने FMCG कंपनियों से की भागीदारी की अपील
केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि DigiDukaan दिखाता है कि जब डिजिटल बुनियादी ढांचा छोटे दुकानदारों की जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार किया जाता है, तो उसे अपनाने की संभावना बढ़ती है। उन्होंने कहा कि खरीद प्रक्रिया को सरल और पारदर्शी बनाकर तथा वितरकों को मजबूत करके किराना दुकानदारों की कार्यशील पूंजी को मुक्त करने और उनके कारोबार को आगे बढ़ाने में मदद मिल सकती है।
उन्होंने FMCG उद्योग से इस पहल में सामूहिक रूप से भागीदारी करने और इसे देश के हर कोने तक पहुंचाने का आह्वान किया।
DPIIT के सचिव अमरदीप सिंह भाटिया ने कहा कि देश के विशाल किराना नेटवर्क को डिजिटल अर्थव्यवस्था से जोड़ने में ओपन डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर की महत्वपूर्ण भूमिका है। ONDC का DigiDukaan इसी दिशा में एक अहम पहल है, जो खुदरा दुकानदारों, FMCG कंपनियों और वितरकों को साझा नेटवर्क पर जोड़ने का काम कर रही है।
मुंबई में विस्तार की तैयारी
ONDC के एमडी एवं सीईओ विभोर जैन के मुताबिक, वितरकों के स्तर पर बिलिंग, प्रिंटिंग और ऑर्डर प्लेसमेंट जैसी प्रक्रियाएं पहले से काफी हद तक डिजिटल हो चुकी हैं, लेकिन छोटे किराना दुकानदार अब भी पेन, कागज और पारंपरिक तरीकों पर निर्भर हैं। DigiDukaan का उद्देश्य किराना दुकानदारों को खरीदार के रूप में डिजिटल बनाना और मौजूदा वितरण नेटवर्क को मजबूत करना है।
इस पहल में HUL, मैरिको, कोलगेट-पामोलिव, एमामी और अमूल जैसी कंपनियां अपने वितरण नेटवर्क के माध्यम से भागीदारी कर रही हैं। वहीं ITC, टाटा कंज्यूमर प्रोडक्ट्स और ब्रिटानिया विभिन्न स्तरों पर एकीकरण या चर्चा की प्रक्रिया में हैं।
ONDC ने अगले चरण में मुंबई, विशेषकर उत्तरी मुंबई में ब्रांडों और वितरकों की भागीदारी बढ़ाने तथा मौजूदा बाजारों में अपनी पहुंच मजबूत करने की योजना बनाई है।
गौरतलब है कि ONDC अब तक 50 करोड़ से अधिक लेनदेन सक्षम करने का दावा करता है। DigiDukaan के जरिए सरकार की कोशिश है कि देश की पारंपरिक किराना अर्थव्यवस्था को डिजिटल तकनीक, बेहतर आपूर्ति व्यवस्था और वित्तीय सुविधाओं से जोड़कर छोटे कारोबारियों को प्रतिस्पर्धी बनाया जाए।




.jpeg)



.png)
.jpg)


.jpg)





.png)
.jpg)




.jpg)









.jpeg)
.jpg)
.png)











YXG8.jpeg)



