PM Modi ने रक्षाबंधन के मौके पर दी बधाई कहा- यह पर्व आपके जीवन में खुशहाली, समृद्धि और सफलता लेकर आए

28 August, 2026, 9:21 am

नई दिल्ली , 28 अगस्त 2026। Raksha Bandhan 2026 रक्षाबंधन का पर्व 28 अग्सत यानी आज मनाया जा रहा है । प्रत्येक वर्ष श्रावण मास के शुक्ल पक्ष की पूर्णिमा तिथि को रक्षाबंधन मनाया जाता है । प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने देश को रक्षा बंधन के मौके पर शुभकामनाएं दी । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा, “रक्षाबंधन की बहुत-बहुत शुभकामनाएं। यह पावन पर्व आप सभी के जीवन में खुशहाली, समृद्धि और सफलता लेकर आए। स्नेह, अपनत्व और आपसी विश्वास की डोर सदैव अटूट बनी रहे, यही कामना है।” 

लोकसभा अध्यक्ष का संदेश

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने इस पर्व को परिवारिक मूल्यों और संस्कृति का प्रतीक बताते हुए कहा कि रक्षाबंधन सिर्फ रक्षा-सूत्र बांधने का त्योहार नहीं, बल्कि विश्वास, सम्मान, प्रेम और जीवनभर साथ निभाने का संकल्प उत्सव है। उन्होंने जोर दिया कि रक्षा का अर्थ महिलाओं के सम्मान, गरिमा, अधिकारों और सपनों की सुरक्षा से भी जुड़ा है। उनके अनुसार, जब हर बेटी और बहन सुरक्षित व सम्मानित होगी, तभी राष्ट्र और मजबूत बनेगा। 

गृह मंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की बधाई

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सभी देशवासियों को भाई-बहन के अटूट स्नेह और विश्वास वाले इस पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कामना की कि यह पर्व सबके जीवन में सुख, शांति और समृद्धि लाए। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने लिखा कि रक्षाबंधन हमारी सांस्कृतिक विरासत और मूल्यों की झलक प्रस्तुत करता है। यह पर्व महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और गरिमा के प्रति प्रतिबद्ध रहने की प्रेरणा देता है। उन्होंने समाज को महिलाओं के स्वाभिमान और सशक्तिकरण के प्रति और अधिक सजग बनने की अपील की।

अन्य केंद्रीय मंत्रियों के संदेश

केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने भाई-बहन के प्रेम और विश्वास वाले इस पावन बंधन पर सभी को शुभकामनाएं देते हुए सुख-समृद्धि की प्रार्थना की। केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने पारंपरिक श्लोक का उल्लेख करते हुए बहनों को शुभकामनाएं दीं और कामना की कि स्नेह की डोर और मजबूत हो तथा बहनों के जीवन में सुख-समृद्धि आए। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने रक्षाबंधन को भाई-बहन के प्रेम, स्नेह और वचनबद्धता का प्रतीक बताते हुए समस्त देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं।इस प्रकार देश के शीर्ष नेताओं ने रक्षाबंधन के मौके पर भाई-बहन के रिश्ते की महत्ता को रेखांकित करते हुए सभी को बधाई दी है।

लोकप्रिय