इनकम टैक्स डिपार्टमेंट ने नय आयकर अधिनियम 2025 की जानकारी देने के अभियान की शुरूआत की

21 April, 2026, 7:44 pm

नई दिल्ली:आयकर विभाग Income Tax Department’s ने मंगलवार को राजधानी में एक विशेष आउटरीच कार्यक्रम आयोजित कर नए आयकर अधिनियम 2025 की प्रमुख विशेषताओं को आमजन, खासकर शैक्षणिक संस्थानों तक पहुंचाने की पहल की। इस कार्यक्रम में दिल्ली-एनसीआर के 80 से अधिक स्कूलों के प्रतिनिधि, ट्रस्टी और शिक्षा क्षेत्र से जुड़े पदाधिकारी शामिल हुए।

कार्यक्रम का आयोजन आयकर आयुक्त (छूट), दिल्ली द्वारा किया गया, जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में प्रधान मुख्य आयकर आयुक्त (छूट) पल्लवी अग्रवाल मौजूद रहीं। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि नया आयकर कानून प्रक्रियाओं को सरल बनाने, अस्पष्टताओं को कम करने और पारदर्शिता बढ़ाने की दिशा में बड़ा कदम है। उन्होंने यह भी रेखांकित किया कि यह कानून तकनीक-आधारित सिस्टम के जरिए सरकार के “विकसित भारत 2047” विजन को मजबूत करेगा।

कार्यक्रम के दौरान शैक्षणिक संस्थानों और चैरिटेबल ट्रस्ट से जुड़े प्रावधानों पर विशेष चर्चा की गई, ताकि इन संस्थाओं को नए नियमों की स्पष्ट समझ मिल सके और अनुपालन आसान हो।

छात्रों में कर जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से “टैक्स योर ब्रेन – इनकम टैक्स क्विज” नाम से इंटर-स्कूल प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। कक्षा 9 से 12 तक के छात्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और विभिन्न चरणों में अपनी जानकारी का प्रदर्शन किया। विजेता टीमों को सम्मानित किया गया और सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र दिए गए।

आयकर विभाग का यह प्रयास कर सुधारों की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाने और एक पारदर्शी, जवाबदेह और करदाता-हितैषी व्यवस्था स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। कार्यक्रम ने ‘सरल कानून, सशक्त भारत’ के संदेश को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाया।