राष्ट्रीय एकता दिवस पर अमित शाह ने जारी की सरदार पटेल की सचित्र जीवनी

नई दिल्ली। राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के उपलक्ष्य में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और केंद्रीय शिक्षा मंत्री प्रल्हाद जोशी ने नई दिल्ली स्थित अंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर में पुस्तक 'सरदार पटेल : एक सचित्र जीवनी' का विमोचन किया। नेशनल बुक ट्रस्ट (NBT-India) द्वारा प्रकाशित इस पुस्तक का विमोचन हिंदी और अंग्रेजी, दोनों भाषाओं में किया गया। इस अवसर पर दोनों केंद्रीय मंत्रियों ने सरदार पटेल के जीवन और योगदान पर आधारित प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया।
भारतीय इतिहास अनुसंधान परिषद (ICHR) की ओर से तैयार की गई यह पुस्तक सरदार पटेल के जीवन, उनके विचारों और भारतीय गणराज्य के निर्माण में उनके योगदान के उन पहलुओं को सामने लाती है, जिन्हें अपेक्षाकृत कम चर्चा मिली है।
कार्यक्रम में ICHR के अध्यक्ष प्रो. रघुवेंद्र तंवर ने पुस्तक का परिचय देते हुए नेशनल बुक ट्रस्ट और भारतीय इतिहास अनुसंधान परिषद के बीच लंबे समय से चले आ रहे सहयोग की सराहना की। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह पुस्तक व्यापक पाठक वर्ग तक पहुंचेगी और सरदार पटेल के योगदान को समझने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
इस अवसर पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि सरदार पटेल जैसे राष्ट्रनिर्माताओं के योगदान को याद रखने और नई पीढ़ी तक पहुंचाने में पुस्तकों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल उन महान व्यक्तित्वों में शामिल थे, जिन्होंने अपनी विरासत के प्रचार के बजाय चुपचाप राष्ट्र निर्माण के लिए अपना जीवन समर्पित किया।
कार्यक्रम में नेशनल बुक ट्रस्ट, इंडिया के निदेशक युवराज मलिक भी उपस्थित रहे। आयोजन स्थल पर पुस्तक की विशेष प्रदर्शनी भी लगाई गई, जिसमें सरदार पटेल के जीवन और उनके ऐतिहासिक योगदान को प्रदर्शित किया गया।
यह प्रकाशन सरदार पटेल के राष्ट्र निर्माण, राष्ट्रीय एकता और भारतीय गणराज्य की नींव मजबूत करने में उनके योगदान को दस्तावेजी रूप में समझने का एक प्रयास है।




.jpeg)



.png)
.jpg)


.jpg)





.png)
.jpg)




.jpg)









.jpeg)
.jpg)
.png)











YXG8.jpeg)



