स्टील एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल ने ओडिशा के मुख्यमंत्री से की मुलाकात

भुवनेश्वर, 08 अप्रैल, 2026: इंडियन स्टील एसोसिएशन (ISA) के एक उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने माननीय सांसद और ISA के अध्यक्ष श्री नवीन जिन्दल के नेतृत्व में 7 अप्रैल 2026 को ओडिशा के माननीय मुख्यमंत्री श्री मोहन चरण माझी से मुलाकात की। इस बैठक में राज्य में स्टील उद्योग से संबंधित प्रमुख चुनौतियों और अवसरों पर चर्चा की गई।
इस बैठक में मुख्य सचिव सुश्री अनु गर्ग, विकास आयुक्त-सह-अतिरिक्त मुख्य सचिव (इस्पात एवं खान) श्री देवरंजन कुमार सिंह, अतिरिक्त मुख्य सचिव (उद्योग) श्री हेमंत शर्मा, मुख्यमंत्री के अतिरिक्त मुख्य सचिव श्री सास्वत मिश्रा, ओएमसी (OMC) के अध्यक्ष श्री गिरीश एस.एन. और ओएमसी के प्रबंध निदेशक श्री सुधांशु मोहन सामल सहित वरिष्ठ सरकारी अधिकारी उपस्थित थे।
प्रतिनिधिमंडल ने भारत के एक प्रमुख स्टील उत्पादक राज्य के रूप में ओडिशा की महत्वपूर्ण भूमिका पर जोर दिया और स्टील क्षेत्र को निरंतर समर्थन देने के लिए राज्य सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया। ISA प्रतिनिधिमंडल ने राज्य सरकार और ओडिशा माइनिंग कॉरपोरेशन (OMC) को राज्य स्थित उद्योगों के लिए लौह अयस्क की उपलब्धता बढ़ाने संबंधी उपाय सुझाए।
प्रतिनिधिमंडल ने 2030 तक 100 MTPA स्टील उत्पादन क्षमता के ओडिशा के महत्वाकांक्षी लक्ष्य को पूरा करने के लिए आवश्यक निवेश आकर्षित करने के उद्देश्य से इस्पात उद्योगों के लिए राजकोषीय प्रोत्साहन (fiscal incentives) देने का भी अनुरोध किया। इसके अलावा, ISA ने सरकार से 100 MTPA क्षमता को समर्थन देने में सक्षम एक व्यापक लॉजिस्टिक और बुनियादी ढांचा रोडमैप तैयार करने के लिए एक समर्पित टास्क फोर्स गठित करने का आग्रह भी किया।
बैठक के बाद मीडिया को संबोधित करते हुए श्री नवीन जिन्दल ने कहा, "मुख्यमंत्री के गतिशील नेतृत्व में महत्वपूर्ण प्रगति हो रही है; स्टील प्लांटों का तेजी से विस्तार हो रहा है और पूरे राज्य में सहायक बुनियादी ढांचे को मजबूत किया जा रहा है। ओडिशा द्वारा अपनाई गई खनन नीति और नीलामी प्रक्रिया देश में सर्वश्रेष्ठ है, जिससे राज्य को सर्वाधिक राजस्व प्राप्त होता है। इसके लिए हमने मुख्यमंत्री को धन्यवाद किया।"
उन्होंने कहा, "हमने मुख्यमंत्री को स्टील क्षेत्र के विकास को बनाए रखने के लिए लौह अयस्क उत्पादन बढ़ाने की आवश्यकता से अवगत कराया। हमने यह भी अनुरोध किया कि ओडिशा माइनिंग कॉरपोरेशन (OMC) द्वारा लौह अयस्क आवंटन में राज्य के स्टील उद्योगों को प्राथमिकता दी जाए। मैं माननीय मुख्यमंत्री का आभारी हूं कि उन्होंने आश्वासन दिया है कि ओडिशा में संचालित उद्योगों के लिए लौह अयस्क की कोई कमी नहीं होगी।"
मध्य पूर्व की स्थिति और भारतीय अर्थव्यवस्था पर इसके प्रभाव के बारे में मीडिया को जवाब देते हुए श्री जिन्दल ने कहा कि हमारे माननीय प्रधानमंत्री का 'आत्मनिर्भर भारत अभियान' मौजूदा स्थिति में हमारी अर्थव्यवस्था के संभावित जोखिमों के खिलाफ हमारे देश और देशवासियों के लिए एक बड़ा सुरक्षा कवच है।
बैठक में उपस्थित वरिष्ठ अधिकारियों ने भी अपने विचार साझा किए और उद्योग की चिंताओं को प्रभावी ढंग से दूर करने के लिए विभागों के बीच आवश्यक समन्वय का आश्वासन दिया।
ISA प्रतिनिधिमंडल में टाटा स्टील के प्रबंध निदेशक श्री टी.वी. नरेंद्रन, इंडियन स्टील एसोसिएशन के महासचिव श्री आलोक सहाय, टाटा स्टील के वाइस-प्रेसिडेंट (कॉर्पोरेट सेवाएं) श्री डी.बी. सुंदर रामम्, जेएसडब्ल्यू स्टील के प्रेसिडेंट श्री अनिल सिंह, जेएसडब्ल्यू बीपीएसएल के श्री अरुण माहेश्वरी, एएमएनएस के निदेशक श्री आलोक मेहता, जिन्दल स्टेनलेस के मुख्य वाणिज्यिक अधिकारी श्री शशिभूषण उपाध्याय और ओडिशा के अन्य इस्पात कंपनियों के प्रतिनिधि शामिल थे।


YXG8.jpeg)



