ओडिशा स्टील प्रोड्यूसर्स एसोसिएशन (OSPA) के अध्यक्ष बने असित त्रिपाठी

नई दिल्ली, 21 अप्रैल 2026: ओडिशा में स्टील और खनन क्षेत्र की प्रमुख कंपनियों के नए संगठन ओडिशा स्टील प्रोड्यूसर्स एसोसिएशन (OSPA) ने पूर्व मुख्य सचिव और जिंदल स्टील के सलाहकार असित त्रिपाठी को सर्वसम्मति से अपना अध्यक्ष चुना है।
यह निर्णय एसोसिएशन की बैठक में लिया गया, जिसमें राज्य की 15 प्रमुख स्टील और खनन कंपनियों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। OSPA एक नया मंच है, जिसमें जिंदल स्टील, टाटा स्टील, जिंदल स्टेनलेस, जेएसडब्ल्यू स्टील और एएमएनएस जैसी बड़ी कंपनियां शामिल हैं।
एसोसिएशन का उद्देश्य उद्योग में समन्वय बढ़ाना, ज्ञान साझा करना और सरकार व अन्य हितधारकों के साथ बेहतर संवाद स्थापित करना है।
इसके साथ ही, सेवानिवृत्त आईएफएस अधिकारी एस.के. पोपली को संगठन का महासचिव नियुक्त किया गया है। उन्हें प्राकृतिक संसाधन प्रबंधन और सतत विकास के क्षेत्र में लंबा अनुभव है।
अध्यक्ष बनने के बाद असित त्रिपाठी ने कहा कि ओडिशा देश के स्टील उत्पादन में अग्रणी भूमिका निभा रहा है और OSPA राज्य में जिम्मेदार, समावेशी और भविष्य उन्मुख औद्योगिक विकास को बढ़ावा देने के लिए सरकार और अन्य पक्षों के साथ मिलकर काम करेगा।
ओडिशा देश का सबसे बड़ा स्टील और लौह अयस्क उत्पादक राज्य है, ऐसे में यह संगठन राज्य के औद्योगिक विकास, रोजगार सृजन और सामाजिक-आर्थिक प्रगति में अहम भूमिका निभा सकता है।




