जर्मनी में 2025 में तलाक के मामलों में मामूली बढ़ोतरी, फिर भी ऐतिहासिक रूप से सबसे निचले स्तर के करीब

लेखिका: इसाबेल शेउप्लाइन
(जर्मन समाचार एजेंसी डीपीए)
बर्लिन। जर्मनी में वर्ष 2025 के दौरान तलाक (डिवोर्स) के मामलों में हल्की बढ़ोतरी दर्ज की गई है, लेकिन पिछले दो दशकों के रुझान को देखें तो देश में वैवाहिक संबंध टूटने की दर लगातार घट रही है। जर्मनी के संघीय सांख्यिकी कार्यालय (Federal Statistical Office) द्वारा जारी ताज़ा आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2025 में अदालतों ने करीब 1,30,100 विवाहों को कानूनी रूप से समाप्त किया, जो 2024 की तुलना में 0.6 प्रतिशत अधिक है।
हालांकि यह वृद्धि मामूली है, लेकिन वर्ष 2003 की तुलना में तलाक के मामलों में 39.2 प्रतिशत की कमीआई है। उल्लेखनीय है कि जर्मनी में एकीकरण (Reunification) के बाद 2003 में तलाक का आंकड़ा सबसे अधिक था, जबकि 2023 में यह ऐतिहासिक रूप से सबसे निचले स्तर पर पहुंच गया था।
शादी करने वालों की संख्या भी घटी
रिपोर्ट के अनुसार, जर्मनी में अब कम लोग विवाह भी कर रहे हैं। वर्ष 2025 में 3,48,800 जोड़ों ने विवाह किया, जो 1950 के बाद का सबसे कम आंकड़ा है। यह संख्या 2024 की तुलना में 0.1 प्रतिशत और 2003 की तुलना में 8.9 प्रतिशत कम है।
औसतन 14 वर्ष बाद टूट रहे रिश्ते
आंकड़ों के मुताबिक, वर्ष 2025 में जिन दंपतियों का तलाक हुआ, उनकी शादी औसतन 14 वर्ष 7 महीने तक चली। लगभग 16 प्रतिशत तलाक ऐसे थे, जो शादी की 25वीं वर्षगांठ (सिल्वर जुबली) या उसके बाद हुए। 1990 के दशक में यह अनुपात 11 प्रतिशत से भी कम था। इससे संकेत मिलता है कि अब लंबे समय तक साथ रहने वाले दंपति भी अलग होने का निर्णय ले रहे हैं।
आधे से अधिक मामलों में बच्चे प्रभावित
तलाक का असर बच्चों पर भी पड़ा। वर्ष 2025 में 51.7 प्रतिशत तलाक ऐसे थे जिनमें नाबालिग बच्चे शामिल थे। इन मामलों में 47.6 प्रतिशत दंपतियों का एक बच्चा था। 40.5 प्रतिशत के दो बच्चे थे और 1.9 प्रतिशत के तीन या उससे अधिक बच्चे थे।कुल मिलाकर करीब 1,13,400 नाबालिग बच्चे तलाक से प्रभावित हुए। अधिकतर तलाक आपसी सहमति से
जर्मनी में अधिकांश तलाक आपसी सहमति से हो रहे हैं।
90 प्रतिशत मामलों में पति या पत्नी ने तलाक के लिए सहमति दी।
5.8 प्रतिशत मामलों में संयुक्त रूप से याचिका दायर की गई।
केवल 4.1 प्रतिशत मामलों में एक पक्ष ने तलाक का विरोध किया।
इसके अलावा, 81 प्रतिशत तलाक एक वर्ष के अलगाव के बाद हुए, जबकि 18 प्रतिशत मामलों में तीन वर्ष के अलगाव के बाद विवाह समाप्त हुआ।
समलैंगिक विवाहों में भी तलाक बढ़े
वर्ष 2025 में करीब 1,700 समलैंगिक (Same-Sex) जोड़ों का तलाक हुआ, जो पिछले वर्ष की तुलना में 10 प्रतिशत अधिक है। कुल तलाकों में इनकी हिस्सेदारी 1.3 प्रतिशत रही।
गौरतलब है कि जर्मनी में 2017 से समलैंगिक विवाह कानूनी रूप से मान्य हैं। वर्ष 2025 में हुए कुल विवाहों में 3,39,900 विवाह पुरुष और महिला के बीच, जबकि 8,900 विवाह समान लिंग के जोड़ों के बीच हुए।
बदलते सामाजिक संकेत
विशेषज्ञों का मानना है कि जर्मनी में विवाह और पारिवारिक संरचना तेजी से बदल रही है। जहां एक ओर लोग पहले की तुलना में कम विवाह कर रहे हैं, वहीं लंबे समय तक साथ रहने के बाद भी अलग होने की प्रवृत्ति बढ़ रही है। इसके बावजूद, कुल मिलाकर तलाक की दर पिछले दो दशकों में लगातार नीचे आई है, जो पारिवारिक संबंधों में स्थिरता के एक नए सामाजिक पैटर्न की ओर भी संकेत करती है।











YXG8.jpeg)



