एआई और डिजिटल तकनीक से एमएसएमई, स्टार्टअप व निर्यातकों को मिलेगी नई ताकत : पीयूष गोयल

7 July, 2026, 11:46 am

केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने  कहा है कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और डिजिटल तकनीकें एमएसएमई, स्टार्टअप, निर्यातकों और स्थानीय कारोबारों को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं। उन्होंने कहा कि नवाचार आधारित और तकनीक-संचालित विकास को गति देने के लिए सरकार और प्रौद्योगिकी कंपनियों के बीच मजबूत सहयोग जरूरी है।

पीयूष गोयल ने सोमवार को गूगल के प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात की, जिसका नेतृत्व कंपनी की वाइस प्रेसिडेंट (ऐड एंड कॉमर्स) विध्या श्रीनिवासन और गूगल इंडिया की वाइस प्रेसिडेंट एवं कंट्री मैनेजर प्रीति लोबाना ने किया। बैठक में अर्थव्यवस्था के विभिन्न क्षेत्रों में एआई और डिजिटल तकनीकों के व्यापक उपयोग की संभावनाओं पर चर्चा हुई।बैठक में इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि एआई आधारित समाधानों को अपनाकर छोटे कारोबारों, स्टार्टअप और निर्यातकों को डिजिटल बाजार में अधिक प्रतिस्पर्धी बनाया जा सकता है। साथ ही उनके विकास को नई गति देने के लिए तकनीक आधारित नवाचार को बढ़ावा देने पर भी चर्चा हुई।

पीयूष गोयल ने बताया कि बैठक में एआई को तेजी से अपनाने, डिजिटल स्किलिंग को मजबूत करने, बाजार तक पहुंच आसान बनाने और तकनीक आधारित नवाचार को प्रोत्साहित करने जैसे विषयों पर विस्तार से विचार-विमर्श हुआ। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर कहा कि सरकार और टेक कंपनियों के बीच सहयोग से मजबूत डिजिटल इकोसिस्टम तैयार किया जा सकता है, जिससे भारतीय कारोबार अपनी प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता बढ़ा सकेंगे।इससे पहले सोमवार को ही पीयूष गोयल ने कहा था कि भारत द्वारा किए जा रहे नए मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) देश में मैन्युफैक्चरिंग और नवाचार को नई गति दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि इससे युवाओं के लिए वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धा करने के नए अवसर पैदा हो रहे हैं।

आईआईएम( IIM) उदयपुर के ऑनलाइन द्विभाषी बैचलर ऑफ बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन (बीबीए) कार्यक्रम के उद्घाटन को वर्चुअल माध्यम से संबोधित करते हुए पीयूष गोयल ने छात्रों से व्यावहारिक कौशल विकसित करने और तकनीक आधारित शिक्षा अपनाने की अपील की, ताकि वे उभरते अवसरों का अधिकतम लाभ उठा सकें।

लोकप्रिय