इंडिया हैबिटेट सेंटर में 'अदुय' कला प्रदर्शनी आकर्षण का केंद्र

8 July, 2026, 11:23 am

नई दिल्ली, ब्रॉडकास्ट मंत्रा न्यूज


राजधानी दिल्ली के इंडिया हैबिटेट सेंटर स्थित( India Habitat Centre) विजुअल आर्ट गैलरी( Visual Art Gallery ) में आयोजित 'अदुय' कला प्रदर्शनी कला प्रेमियों के लिए आकर्षण का प्रमुख केंद्र बनी हुई है। 5 जुलाई से शुरू हुई यह प्रदर्शनी 9 जुलाई तक आम दर्शकों के लिए खुली रहेगी। प्रदर्शनी में देश के विभिन्न राज्यों से आए कलाकार अपनी विविध कलाकृतियों के माध्यम से भारतीय संस्कृति, प्रकृति, सामाजिक सरोकारों और समकालीन जीवन के विभिन्न आयामों को प्रस्तुत कर रहे हैं।

पारंपरिक और आधुनिक कला शैलियों का सुंदर समन्वय

प्रदर्शनी में पारंपरिक और आधुनिक कला शैलियों का सुंदर समन्वय देखने को मिल रहा है। कैनवास पर उकेरे गए रंग, रेखाएं और कल्पनाएं दर्शकों को कला के नए अनुभव से रूबरू करा रही हैं। प्रत्येक कलाकार की कृति उसकी अपनी अलग सोच, संवेदनशीलता और रचनात्मक दृष्टि को अभिव्यक्त करती है।

 प्रतिष्ठित एवं उभरते कलाकारों कलाकारों की कलाकृतियां 

'अदुय' प्रदर्शनी में अनिता कुमारी, आशीष बोस , देवीलाल पाटीदार, हिना भट्ट, जे. डी. मानिकपुरी, किरण सोनी गुप्ता, मनीष कुमार राव,मैत्रीय कुमार, प्रदीप कुमार चौहान, प्रेम शंकर प्रसाद, प्रो. डॉ. सरोज रानी, राखी कुमार, रामोनकर , रामकृष्ण पॉल और शर्मिला शर्मा सहित कई प्रतिष्ठित एवं उभरते कलाकारों की कलाकृतियां प्रदर्शित की गई हैं।

प्रदर्शनी का उद्देश्य केवल चित्रों का प्रदर्शन करना नहीं, बल्कि कला के माध्यम से समाज, संस्कृति और मानवीय संवेदनाओं पर संवाद स्थापित करना भी है। यही कारण है कि प्रदर्शनी में आने वाले दर्शक प्रत्येक कलाकृति को गहराई से देख रहे हैं और कलाकारों से सीधे संवाद भी कर रहे हैं।

आयोजकों के अनुसार, 'अदुय' प्रदर्शनी देश के विभिन्न हिस्सों के कलाकारों को एक साझा मंच प्रदान करती है, जहां वे अपनी कला के माध्यम से नए विचारों और रचनात्मक अभिव्यक्तियों को लोगों तक पहुंचा सकते हैं। प्रदर्शनी में बड़ी संख्या में कला प्रेमी, विद्यार्थी, कला समीक्षक और संग्रहकर्ता पहुंच रहे हैं।

9 जुलाई तक चलेगी कला प्रदर्शनी 

इंडिया हैबिटेट सेंटर की विजुअल आर्ट गैलरी में आयोजित यह प्रदर्शनी 9 जुलाई तक प्रतिदिन दर्शकों के लिए खुली रहेगी। कला और संस्कृति में रुचि रखने वाले लोगों के लिए यह प्रदर्शनी समकालीन भारतीय कला को करीब से देखने का एक उत्कृष्ट अवसर है।

लोकप्रिय