भारत टेक्स 2026 शुरू , रिकॉर्ड वैश्विक भागीदारी के साथ सबसे बड़े वस्त्र आयोजन का उद्घाटन

केंद्रीय वस्त्र मंत्री गिरिराज सिंह ने नई दिल्ली के भारत मंडपम में भारत टेक्स 2026 का उद्घाटन किया। चार दिनों तक चलने वाले इस आयोजन में रिकॉर्ड अंतरराष्ट्रीय भागीदारी दर्ज की गई है। 130 से अधिक देशों के 6,000 से ज्यादा खरीदार, 1.3 लाख से अधिक व्यापारिक आगंतुक और 20,000 से अधिक वस्त्र उत्पाद इस आयोजन का हिस्सा हैं। इसे भारत सरकार के वस्त्र मंत्रालय के सहयोग से भारत टेक्स ट्रेड फेडरेशन (BTTF) आयोजित कर रहा है।
वैश्विक टेक्सटाइल हब बनाने का संकल्प
उद्घाटन समारोह में गिरिराज सिंह ने कहा कि भारत टेक्स 2026 भारत के वस्त्र विजन को वैश्विक व्यापारिक अवसरों से जोड़ने वाला मंच है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन भारतीय एमएसएमई, पहली बार निर्यात करने वाले उद्यमियों और मैन्युफैक्चरर्स को वैश्विक खरीदारों से जोड़ने के साथ भारत को विश्वसनीय, इनोवेटिव और सस्टेनेबल सोर्सिंग डेस्टिनेशन के रूप में स्थापित करेगा।
16 लाख वर्ग फुट में लगी है प्रदर्शनी
आयोजन 16 लाख वर्ग फुट से अधिक प्रदर्शनी क्षेत्र में आयोजित किया जा रहा है। इसमें टेक्सटाइल वैल्यू चेन के सभी प्रमुख क्षेत्रों का प्रदर्शन किया गया है। उद्घाटन समारोह में केंद्रीय वस्त्र राज्य मंत्री पबित्र मार्गेरिटा, वस्त्र सचिव नीलम शमी राव, विभिन्न राज्यों के मंत्री, उद्योग जगत के प्रतिनिधि, निवेशक, वैश्विक खरीदार और अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधिमंडल मौजूद रहे। रूस और न्यूजीलैंड के मंत्रिस्तरीय प्रतिनिधिमंडलों ने भी कार्यक्रम में भाग लिया।
राज्यों की व्यापक भागीदारी
भारत टेक्स 2026 में आठ प्रायोजक राज्यों—मध्य प्रदेश, बिहार, उत्तर प्रदेश, पंजाब, महाराष्ट्र, गुजरात, कर्नाटक और तमिलनाडु—के अलावा आंध्र प्रदेश, असम, छत्तीसगढ़, झारखंड, जम्मू-कश्मीर, ओडिशा, मणिपुर, राजस्थान और पश्चिम बंगाल सहित नौ अन्य राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों ने अपने औद्योगिक बुनियादी ढांचे, निवेश अवसरों और नीतिगत पहलों का प्रदर्शन किया।
100 से अधिक नॉलेज सेशन और हजारों बी2बी बैठकें
आगामी चार दिनों में आयोजन के दौरान 100 से अधिक नॉलेज सेशन होंगे, जिनमें 39 पैनल चर्चा, 16 राउंडटेबल, 37 मास्टरक्लास और आठ स्टेट सेशन शामिल हैं। साथ ही 4,000 से अधिक क्यूरेटेड बी2बी बैठकें, 100 से ज्यादा बी2जी बैठकें और व्यापार, निवेश, टेक्नोलॉजी, सस्टेनेबिलिटी तथा मार्केट एक्सेस से जुड़े 30 से अधिक एमओयू पर हस्ताक्षर की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
सस्टेनेबिलिटी और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर विशेष फोकस
भारत टेक्स 2026 में सीआईटीआई टेक्सटाइल सस्टेनेबिलिटी अवॉर्ड्स 2026 का आयोजन भी होगा, जिसमें जिम्मेदार व्यावसायिक प्रथाओं को सात प्रमुख श्रेणियों में सम्मानित किया जाएगा। आयोजन के लिए मोबाइल ऐप और डिजिटल बिजनेस प्लेटफॉर्म के माध्यम से एआई आधारित सहायता, बायर-सैलर मैचमेकिंग, डिजिटल बैज, क्यूआर आधारित लीड कैप्चर और मीटिंग शेड्यूलिंग जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं।

.png)











YXG8.jpeg)



