बर्लिन प्राइड परेड पर आतंकी हमला: वैन से लोगों को कुचला, माचेते से हमला, एक महिला की मौत, 29 घायल

26 July, 2026, 11:10 pm

 

बर्लिन, 26 जुलाई। जर्मनी की राजधानी बर्लिन में आयोजित प्राइड परेड (CSD) के दौरान शनिवार रात हुए वैन और माचेते (बड़ी धारदार तलवार) से हमले को जर्मन सरकार ने इस्लामिक आतंकवादी हमला करार दिया है। इस घटना में एक महिला की मौत हो गई, जबकि 29 लोग घायल हुए हैं। इनमें तीन की हालत गंभीर बनी हुई है।

जर्मनी के गृह मंत्री अलेक्जेंडर डोब्रिंड्ट ने रविवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि प्रारंभिक जांच में हमलावर के इस्लामी कट्टरपंथ से प्रभावित होने के संकेत मिले हैं। उन्होंने कहा कि संदिग्ध पहले से पुलिस के रिकॉर्ड में था और गंभीर आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहा है।

वैन चढ़ाने के बाद माचेते से हमला

पुलिस के अनुसार शनिवार रात करीब 10 बजे एक सफेद वैन ने टियरगार्टन पार्क के पास प्राइड परेड में मौजूद लोगों को टक्कर मार दी। इसके बाद हमलावर कथित तौर पर माचेते लेकर लोगों पर हमला करने लगा। घटना के बाद वह मौके से फरार हो गया।

वैन एक पेड़ से टकराकर रुक गई, लेकिन आरोपी वहां से भाग निकला। पुलिस का मानना है कि वह अब भी बर्लिन में कहीं छिपा हो सकता है।

 संदिग्ध की तलाश में देशभर में अलर्ट

गृह मंत्री ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए देशव्यापी तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। अतिरिक्त पुलिस बल को बर्लिन के अलावा रेलवे स्टेशनों, हवाई अड्डों और जर्मनी की सीमाओं पर भी तैनात किया गया है।

पुलिस ने बर्लिन के शोनेबर्ग इलाके में एक फ्लैट की तलाशी भी ली, लेकिन वहां कोई नहीं मिला। आरोपी की तस्वीर जारी करते हुए पुलिस ने बताया कि वह लगभग 1.90 मीटर लंबा, दुबला-पतला युवक है।

 जर्मनी में जन्मा, लेबनानी मूल का नागरिक

अधिकारियों के अनुसार संदिग्ध 2005 में जर्मनी में जन्मा जर्मन नागरिक है। उसकी मां लेबनान मूल की हैं और वर्ष 2002 में जर्मन नागरिक*बनी थीं।

गृह मंत्री ने बताया कि आरोपी को पहले एक मामले में एक वर्ष दस महीने की निलंबित सजा मिली थी, जिसके खिलाफ अभियोजन पक्ष ने अपील भी की थी।

तीन की हालत नाजुक

दमकल विभाग के प्रवक्ता के अनुसार घायलों में तीन लोगों की हालत बेहद गंभीर है, जबकि आठ अन्य गंभीर रूप से घायल हैं। सभी गंभीर घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है।

 यूरोप की सबसे बड़ी प्राइड परेड में शामिल हुए थे लाखों लोग

बर्लिन की CSD (क्रिस्टोफर स्ट्रीट डे) प्राइड परेड यूरोप के सबसे बड़े LGBTQ+ आयोजनों में से एक मानी जाती है। इस वर्ष भी इसमें लाखों लोगों ने भाग लिया था। घटना के बाद आयोजकों ने सुरक्षा कारणों से कार्यक्रम तत्काल रद्द कर दिया और पूरे इलाके को खाली करा लिया।

परेड का समापन ब्रांडेनबर्ग गेट के पास होना था। आयोजकों के अनुसार कार्यक्रम का उद्देश्य लोकतंत्र, सहिष्णुता और विविधता का संदेश देना था।

INPUT by( DPA)

लोकप्रिय