जर्मनी में 14-15 साल के बच्चों के शराब पीने पर लगेगा प्रतिबंध

12 August, 2026, 10:29 pm

इनपुट-डीपीए

बर्लिन, 12 अगस्त 2026: जर्मनी की संघीय सरकार ने 14 और 15 वर्ष की उम्र के किशोरों को माता-पिता या किसी जिम्मेदार वयस्क की निगरानी में बीयर और वाइन पीने की मौजूदा छूट खत्म करने का फैसला किया है।

बुधवार को बर्लिन में हुई कैबिनेट बैठक में परिवार मंत्री करीन प्रीन के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। अब इस प्रस्ताव पर जर्मनी की संसद बुंडेस्टाग में चर्चा होगी।

मौजूदा कानून के तहत 14 और 15 साल के किशोर माता-पिता या अभिभावक की मौजूदगी में बीयर और वाइन जैसे कम अल्कोहल वाले पेय का सेवन कर सकते हैं। सरकार अब इस प्रावधान को समाप्त करना चाहती है।

सरकार का कहना है कि यह छूट युवाओं को शराब से होने वाले गंभीर स्वास्थ्य और सामाजिक नुकसान से बचाने के उद्देश्य के विपरीत है और नशे की रोकथाम की राष्ट्रीय नीति को कमजोर करती है।

जर्मनी में सामान्य तौर पर सार्वजनिक स्थानों पर बीयर, वाइन और स्पार्कलिंग वाइन की बिक्री और सेवन की न्यूनतम उम्र 16 वर्ष है। वहीं, शराब और अन्य स्पिरिट्स की बिक्री और सेवन के लिए 18 वर्ष की उम्र निर्धारित है।

जर्मनी के राज्य स्वास्थ्य मंत्रियों ने भी पिछले साल नशे की लत के जोखिम को देखते हुए 14-15 साल के किशोरों के लिए इस छूट को खत्म करने का समर्थन किया था। संघीय ड्रग कमिश्नर हेंड्रिक स्ट्रीक ने भी प्रस्तावित प्रतिबंध के पक्ष में समर्थन जताया है।

सरकार का तर्क साफ है—कम उम्र में शराब की शुरुआत को रोकना और किशोरों को लत तथा उससे जुड़े स्वास्थ्य जोखिमों से बचाना।

लोकप्रिय