लैब-ग्रोन डायमंड में भारत बनेगा दुनिया का लीडर? अमित शाह ने उद्योग को दिया बड़ा टारगेट

14 September, 2026, 12:49 am

 

मुंबई: भारत का रत्न एवं आभूषण उद्योग अब सिर्फ हीरा तराशने तक सीमित नहीं रहना चाहता, बल्कि लैब-ग्रोन डायमंड की पूरी ग्लोबल वैल्यू चेन पर कब्जे की तैयारी कर रहा है। 52वें इंडिया जेम्स एंड ज्वेलरी अवॉर्ड्स समारोह में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने उद्योग के सामने इसी दिशा में आगे बढ़ने का लक्ष्य रखा।

अमित शाह ने कहा कि लैब-ग्रोन डायमंड का युग आने वाला है और इसका बाजार मौजूदा डायमंड बाजार से करीब 50 गुना बड़ा हो सकता है। उन्होंने कहा कि भारत को मशीन बनाने से लेकर लैब-ग्रोन डायमंड के उत्पादन, आभूषण निर्माण और दुनिया के बाजारों में भारतीय ब्रांड के शोरूम तक पूरी विनिर्माण और व्यापारिक श्रृंखला अपने नियंत्रण में रखनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि भारत के पास इस बदलाव का नेतृत्व करने के लिए अवसंरचना, कौशल, पूंजी और अनुभवी कारोबारी मौजूद हैं। जरूरत सिर्फ पैमाना बदलने की है। शाह ने कहा कि लैब-ग्रोन डायमंड की नई विधा में भारत को ‘संस्थापक उद्योग’ के रूप में उभरना चाहिए और भारतीय ब्रांडों को वैश्विक पहचान दिलानी चाहिए। इसके लिए केंद्र सरकार हरसंभव मदद देने को तैयार है।

सूरत से मुंबई तक, भारत की डायमंड ताकत

अमित शाह ने सूरत के डायमंड उद्योग की भूमिका को रेखांकित करते हुए कहा कि दुनिया में तराशे जाने वाले हर 10 हीरों में करीब 9 सूरत में तराशे जाते हैं। उनके मुताबिक सूरत के कारोबारियों ने सिर्फ हीरे नहीं तराशे, बल्कि लाखों लोगों को रोजगार देकर अर्थव्यवस्था और निर्यात को भी मजबूती दी।

मुंबई को उन्होंने देश की आर्थिक राजधानी बताते हुए कहा कि रत्न एवं आभूषण कारोबार को निर्यात की धुरी बनाने में शहर की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। भारत डायमंड बोर्स को उन्होंने भारत के वैश्विक रत्न-आभूषण कारोबार का प्रतीक बताया।

75 लाख लोगों को रोजगार, 2.44 लाख करोड़ का उद्योग

शाह ने कहा कि वर्ष 2025 में भारत का रत्न एवं आभूषण उद्योग करीब 2.44 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच गया और देश के माल निर्यात में इसकी हिस्सेदारी 6.3 प्रतिशत रही। उद्योग से करीब 75 लाख लोगों को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार मिल रहा है।

उन्होंने बताया कि SEEPZ, मुंबई में भारत रत्नम् मेगा कॉमन फैसिलिटी सेंटर जैसी परियोजनाओं से अत्याधुनिक तकनीक को बढ़ावा दिया जा रहा है। वहीं इंडिया ज्वेलरी पार्क से करीब 50 हजार करोड़ रुपये के निवेश और एक लाख रोजगार की उम्मीद है।

2047 तक भारत को नंबर-1 बनाने का संकल्प

अमित शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 15 अगस्त 2047 तक भारत को हर क्षेत्र में प्रथम राष्ट्र बनाने का संकल्प लिया है और देश की जनता ने इसे स्वीकार किया है। उन्होंने कहा कि मुक्त व्यापार समझौतों और नई नीतियों के जरिए भारतीय आभूषण उद्योग के लिए अमेरिका, यूरोप, मध्य पूर्व और अन्य वैश्विक बाजारों में नए अवसर पैदा हो रहे हैं।

शाह ने कहा कि अब सिर्फ तेजी से आगे बढ़ना पर्याप्त नहीं है, बल्कि कारोबार का पैमाना बदलना होगा। उनका स्पष्ट संदेश था कि आने वाले समय के डायमंड कारोबार में कच्चे माल से लेकर तकनीक, विनिर्माण, ब्रांडिंग और वैश्विक बिक्री तक पूरी श्रृंखला में भारत की निर्णायक भूमिका होनी चाहिए।

इनपुट-पीआईबी

लोकप्रिय