संस्कृति मंत्रालय 12 से 14 अक्टूबर 2026 तक नई दिल्ली में ब्रिक्स थिएटर फेस्टिवल 2026 का आयोजन करेगा

24 September, 2026, 7:17 pm

नई दिल्ली, 24 सितंबर 2026 ।संस्कृति मंत्रालय साल 2026 की भारत की ब्रिक्स अध्यक्षता के तहत 12 से 14 अक्टूबर 2026 तक नई दिल्ली में ब्रिक्स थिएटर फेस्टिवल 2026 का आयोजन करेगा। इस तीन दिवसीय महोत्सव की थीम “शेयर्ड स्‍टोरीज़, शेयर्ड फ़्यूचर्स” (साझी कहानियां, साझा भविष्य) है, जिसमें ब्रिक्स के नौ सदस्य देशों और साझेदार देशों के 100 से अधिक रंगमंच कर्मी, विद्वान, विद्यार्थी और सांस्कृतिक प्रतिनिधि एक साथ आएंगेमीडिया को संबोधित करते हुए, संस्कृति मंत्रालय के सचिव श्री विवेक अग्रवाल ने भारत की ब्रिक्स अध्यक्षता के तहत इस आयोजन को एक महत्वपूर्ण सांस्कृतिक सहभागिता के रूप में रेखांकित किया और रंगमंच के माध्यम से जन-से-जन संबंधों को आगे बढ़ाने में इसकी भूमिका पर प्रकाश डाला।

सचिव  ने कहा कि यह महोत्सव अगस्त 2026 में आयोजित ब्रिक्स संस्कृति मंत्रियों की बैठक में अपनाए गए भोपाल घोषणापत्र पर आधारित है, जिसमें अधिक सांस्कृतिक सहयोग, जन-से-जन आदान-प्रदान तथा कलाकारों और सांस्कृतिक कर्मियों के बीच मजबूत नेटवर्क पर जोर दिया गया था। भारत ने ऐसे आदान-प्रदान को सुगम बनाने के लिए स्वैच्छिक कलाकार रजिस्ट्री का भी प्रस्ताव रखा था। उन्होंने कहा कि यह महोत्सव ब्रिक्स देशों के रंगमंच कर्मियों के बीच प्रस्तुतियों और पेशेवर संवाद के माध्यम से इस विज़न को आगे बढ़ाता है।महोत्सव के महत्व को ब्रिक्स नेताओं की घोषणा में भी मान्यता दी गई है, जिसमें भोपाल घोषणापत्र का स्वागत किया गया और सांस्कृतिक सहयोग, सांस्कृतिक आदान-प्रदान तथा जन-से-जन संबंधों को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से की गई पहलों का उल्लेख किया गया।

महोत्सव में भारत, थाईलैंड, इंडोनेशिया, रूस, वियतनाम, ईरान, दक्षिण अफ्रीका, कजाकिस्तान और इथियोपिया की भागीदारी होगी। भारत दो रंगमंच प्रस्तुतियां पेश करेगा, जबकि भाग लेने वाले देश अपनी विविध भाषाओं, नाट्य परंपराओं और समकालीन सृजनात्मक अभिव्यक्तियों को दर्शाने वाली प्रस्तुतियां पेश करेंगे। रूस का प्रतिनिधित्व दो रंगमंच समूह करेंगे।

महोत्सव का उद्घाटन 12 अक्टूबर 2026 को राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय में किया जाएगा। नई दिल्ली के प्रमुख रंगमंच स्थलों पर प्रस्तुतियां आयोजित की जाएंगी, जिनमें राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय के अभिमंच सभागार और सम्मुख सभागार के साथ-साथ कमानी सभागार, एलटीजी सभागार और मेघदूत थिएटर शामिल हैं।

महोत्सव में रंगमंच के शास्त्रीय, समकालीन और प्रयोगात्मक रूपों को प्रदर्शित किया जाएगा। निर्देशकों, कलाकारों और प्रोडक्शन टीमों की भागीदारी वाली संवादात्मक कार्यशालाओं और चर्चाओं के माध्यम से कलात्मक दृष्टिकोण, प्रदर्शन परंपराओं, अभिनय पद्धतियों, रंगमंचीय शिल्प और तकनीकी डिजाइन के संबंध में आदान-प्रदान के अवसर उपलब्ध होंगे।

संस्कृति मंत्रालय के अधीन एक स्वायत्त संस्थान, राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय, महोत्सव के आयोजन के लिए नोडल एजेंसी के रूप में कार्य करेगा।

ब्रिक्स थिएटर फेस्टिवल 2026 का उद्देश्य साझा कलात्मक मंच के माध्यम से कलाकारों, रंगमंच कर्मियों और दर्शकों को एक साथ लाकर ब्रिक्स देशों के बीच सांस्कृतिक सहयोग और जन-से-जन संबंधों को सुदृढ़ करना है।

लोकप्रिय