एक्सिओम मिशन तो महज अभ्यास था, असली लक्ष्य गगनयान: ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला

14 November, 2026, 9:30 pm

 

 

चंडीगढ़, 14 नवंबर। भारतीय अंतरिक्ष यात्री और अशोक चक्र से सम्मानित ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला ने कहा है कि एक्सिओम-4 मिशन उनके लिए महज एक अभ्यास था। भारत का असली लक्ष्य गगनयान मिशन को सफल बनाना है। उनका सपना है कि वर्ष 2040 तक कोई भारतीय चंद्रमा की सतह पर तिरंगा फहराए।

चंडीगढ़ में आयोजित 10वें मिलिट्री लिटरेचर फेस्टिवल (MLF) में शनिवार को विशेष सत्र 'फाइटर कॉकपिट से स्पेसक्राफ्ट तक: भारत की नई अंतरिक्ष और वायु शक्ति' में अपने अनुभव साझा करते हुए ग्रुप कैप्टन शुक्ला ने कहा कि एक्सिओम मिशन के बाद वह भारत के महत्वाकांक्षी गगनयान मिशन की तैयारियों में सक्रिय रूप से जुटे हैं। उनका मानना है कि अंतरिक्ष कार्यक्रम भारत की प्रगति और समृद्धि में महत्वपूर्ण योगदान देगा।

उन्होंने जून 2025 में एक्सिओम-4 मिशन के तहत अंतरिक्ष की 20 दिन और तीन घंटे की यात्रा के अनुभवों को विस्तार से साझा किया। उन्होंने बताया कि अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (ISS) से वापसी के दौरान स्पेस कैप्सूल से पृथ्वी की ओर लौटना उनकी अपेक्षाओं के बिल्कुल विपरीत था। उनके मुताबिक, यह अनुभव बेहद तेज, उथल-पुथल भरा और चुनौतीपूर्ण था।

शुक्ला ने कहा कि जब उनका अंतरिक्ष यान अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन से रवाना हुआ तो एक पल के लिए उनके मन में यह सवाल आया कि क्या अंतरिक्ष यात्रा का फैसला सही था। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी बड़ी चुनौती के सामने शुरुआती घबराहट और असमंजस स्वाभाविक है।

अंतरिक्ष में शरीर में होते हैं कई बदलाव

अंतरिक्ष में 20 दिनों से अधिक समय बिताने के अनुभव का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि गुरुत्वाकर्षण की अनुपस्थिति में शुरुआत में शरीर और मन को असहज स्थिति का सामना करना पड़ता है। अंतरिक्ष में शरीर की लंबाई बढ़ने, हृदय के आकार में बदलाव और कई अन्य शारीरिक एवं मानसिक परिवर्तनों का अनुभव होता है।

उन्होंने कहा कि किसी भी चुनौती के लिए प्रशिक्षण जरूरी है, लेकिन वास्तविक ताकत अपने संकल्प और उद्देश्य में विश्वास से मिलती है। समाज की सेवा और शोध के माध्यम से देश के विकास में योगदान देने की भावना ही कठिन परिस्थितियों में आगे बढ़ने की प्रेरणा देती है।

युवाओं से बोले- सपने देखिए और उन्हें पूरा करने का साहस रखिए

ग्रुप कैप्टन शुक्ला ने युवाओं को विज्ञान के क्षेत्र में आगे बढ़ने और अपने सपनों को पूरा करने के लिए साहस एवं इच्छाशक्ति बनाए रखने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि कक्षाओं में ही बड़े सपनों की नींव पड़ती है। इन सपनों को साकार करने के लिए दृढ़ संकल्प, साहस और निरंतर प्रयास की जरूरत होती है।

उन्होंने नासा की अंतरिक्ष यात्री और एक्सिओम-4 मिशन की निदेशक डॉ. पैगी व्हिटसन का उदाहरण देते हुए बताया कि अंतरिक्ष यात्री बनने के लिए उनके आवेदन को नौ बार अस्वीकार किया गया था। इसके बावजूद उन्होंने हार नहीं मानी और 39 वर्ष की उम्र में अंतरिक्ष की उड़ान भरी। आज उनके नाम अंतरिक्ष में सबसे अधिक समय बिताने का रिकॉर्ड है।

शुक्ला ने कहा कि डॉ. व्हिटसन की कहानी उन सभी लोगों के लिए प्रेरणा है, जो जीवन में असफलताओं या निराशा के दौर से गुजर रहे हैं। अस्वीकृति और असफलता को अंतिम पड़ाव नहीं मानना चाहिए।

मिलिट्री लिटरेचर फेस्टिवल पंजाब सरकार, चंडीगढ़ प्रशासन और चंडीमंदिर स्थित पश्चिमी कमान मुख्यालय की संयुक्त पहल है। इसका उद्देश्य युवाओं को सैन्य जीवन के अनुशासन और रक्षा सेवाओं की चुनौतियों से परिचित कराने के साथ राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और भू-राजनीतिक मुद्दों पर सार्थक विमर्श का मंच उपलब्ध कराना है।

लोकप्रिय