महाभारत के निर्णायक क्षणों की कहानी कहती है ‘महाक्षण’

नई दिल्ली, 19 नवंबर 2026 । डॉ. अरुण कृष्णन की पुस्तक ‘महाक्षण: मोमेंट्स दैट शेप्ड द महाभारत’ में महाभारत के पात्रों के मनोविज्ञान, भावनाओं और जीवन बदलने वाले फैसलों की पड़ताल करती है । महाभारत केवल युद्ध, पराक्रम और सत्ता संघर्ष की गाथा नहीं है, बल्कि यह मानवीय भावनाओं, रिश्तों, महत्वाकांक्षाओं और जीवन के निर्णायक फैसलों का भी महाकाव्य है। आखिर कौन-से हालात किसी व्यक्ति को प्रतिशोध के रास्ते पर ले जाते हैं? कब अपमान बदले की आग में बदल जाता है और कब निष्ठा जीवनभर का संकल्प बन जाती है? ऐसे ही सवालों के जवाब तलाशती है लेखक डॉ. अरुण कृष्णन की पुस्तक ‘महाक्षण: मोमेंट्स दैट शेप्ड द महाभारत’।
पेंगुइन इंडिया से प्रकाशित यह पुस्तक महाभारत को देखने का एक अलग नजरिया प्रस्तुत करती है। इसमें लेखक ने महाकाव्य की बड़ी घटनाओं और युद्ध के बजाय उन छोटे लेकिन निर्णायक क्षणों पर ध्यान केंद्रित किया है, जिन्होंने आगे चलकर इतिहास की दिशा बदल दी। लेखक का प्रयास केवल यह बताना नहीं है कि महाभारत में क्या हुआ, बल्कि यह समझना भी है कि उसके पात्रों ने वैसा निर्णय क्यों लिया।
पुस्तक में महाभारत के कई महत्वपूर्ण प्रसंगों को आधार बनाया गया है। देवव्रत का भीष्म बनने का संकल्प, अंबा के अपमान से उपजा प्रतिशोध, दुशासन द्वारा द्रौपदी के चीरहरण की तैयारी, कीचक से मुकाबले के लिए भीम का इंतजार और घटोत्कच पर कर्ण के शक्तिशाली अस्त्र के इस्तेमाल के बाद पैदा हुई परिस्थितियां जैसे प्रसंग इसमें शामिल हैं। कुरुक्षेत्र के युद्ध में अभिमन्यु का चक्रव्यूह में प्रवेश भी इसी कड़ी का अहम हिस्सा है।
इस पुस्तक की खासियत यह है कि इसमें महाभारत के पात्रों को केवल नायक, खलनायक या योद्धा के रूप में नहीं देखा गया है। लेखक उनके भीतर चलने वाले भावनात्मक संघर्ष, असुरक्षाओं, महत्वाकांक्षाओं, रिश्तों और नैतिक दुविधाओं को सामने लाते हैं। इससे पाठक इन पात्रों को एक नए मानवीय दृष्टिकोण से समझने का अवसर पाता है।
लेखक ने कौरवों और पांडवों के संघर्ष को भी केवल धर्म और अधर्म की सीधी लड़ाई के रूप में प्रस्तुत नहीं किया है। खासतौर पर दुर्योधन के मन में अपने चचेरे भाइयों के प्रति बढ़ती ईर्ष्या और नाराजगी के पीछे की परिस्थितियों को समझने की कोशिश की गई है। बचपन के अनुभव, असुरक्षा और आपसी अविश्वास किस तरह बड़े संघर्ष का कारण बन सकते हैं, यह पुस्तक का एक दिलचस्प पहलू है।
पुस्तक का शीर्षक ‘महाक्षण’ अपने आप में इसकी मूल अवधारणा को स्पष्ट करता है। जीवन में कुछ क्षण ऐसे होते हैं, जब लिया गया एक फैसला आने वाले वर्षों की दिशा तय कर देता है। महाभारत के पात्रों के जीवन में भी ऐसे ही फैसलों ने उनके भाग्य और पूरे घटनाक्रम को प्रभावित किया। महत्वाकांक्षा, निष्ठा, पहचान, जिम्मेदारी और नैतिकता जैसे सवाल आज भी उतने ही प्रासंगिक हैं।
डॉ. अरुण कृष्णन इतिहास और कहानी कहने की कला में विशेष रुचि रखते हैं। इससे पहले वह ‘द बैटल ऑफ वातापी’ त्रयी और ‘डॉटर ऑफ टू रिवर्स’ जैसी पुस्तकें लिख चुके हैं। महाक्षण में भी उनकी कहानी कहने की शैली और ऐतिहासिक घटनाओं को मानवीय संवेदनाओं से जोड़ने का प्रयास दिखाई देता है।
कुल मिलाकर, ‘महाक्षण’ उन पाठकों के लिए एक रोचक पुस्तक है, जिन्हें भारतीय पौराणिक कथाओं, इतिहास और चरित्र आधारित साहित्य में रुचि है। यह पुस्तक पात्रों को सही या गलत ठहराने के बजाय उनके फैसलों के पीछे छिपी परिस्थितियों और मनोविज्ञान को समझने का अवसर देती है।
महाभारत की असली शक्ति केवल उसके युद्ध और महान योद्धाओं में नहीं, बल्कि उन मानवीय फैसलों में भी छिपी है, जिनके परिणाम पीढ़ियों तक दिखाई देते हैं। डॉ. अरुण कृष्णन की ‘महाक्षण’ इसी विचार को नए अंदाज में सामने लाती है।






.jpg)
(1)_20261103110428_cb0779.jpeg)




.jpeg)



.png)
.jpg)


.jpg)





.png)
.jpg)




.jpg)









.jpeg)
.jpg)
.png)











YXG8.jpeg)



