पुरुषों के अधिकार और लैंगिक समानता पर एकम न्याय सम्मेलन, न्यायिक जवाबदेही पर जोर

23 November, 2026, 3:29 pm

नई दिल्ली, 23 नवंबर। पुरुषों के साथ होने वाले अन्याय, झूठे आपराधिक मामलों और लैंगिक भेदभाव जैसे मुद्दों पर चर्चा के लिए रविवार को नई दिल्ली में एकम न्याय कॉन्फ्रेंस 2026 का आयोजन किया गया। अंतरराष्ट्रीय पुरुष दिवस के अवसर पर आयोजित इस सम्मेलन में पूर्व न्यायाधीशों, वरिष्ठ वकीलों, पुलिस अधिकारियों, शिक्षाविदों, पत्रकारों और फिल्मकारों ने हिस्सा लिया। सम्मेलन का मुख्य विषय 'शेपिंग एन इक्वल एंड जस्ट भारत' रहा।

कुतुब इंस्टीट्यूशनल एरिया स्थित ओपी जिंदल ऑडिटोरियम में आयोजित सम्मेलन में सुप्रीम कोर्ट के पूर्व न्यायाधीश जस्टिस आदर्श कुमार गोयल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। दिल्ली हाईकोर्ट की पूर्व न्यायाधीश जस्टिस पूनम ए. बंबा और इलाहाबाद हाईकोर्ट के पूर्व न्यायाधीश जस्टिस ए.एन. मित्तल विशिष्ट अतिथि रहे।

जस्टिस आदर्श कुमार गोयल ने कहा कि जब तक कानून और न्याय साथ-साथ नहीं चलेंगे, तब तक वास्तविक समानता स्थापित नहीं हो सकती। उन्होंने कहा कि समाज में न्याय और अन्याय के बीच संघर्ष हमेशा से रहा है, लेकिन जहां न्याय है, वहीं समानता है। उन्होंने महिलाओं और पुरुषों को समान गरिमा दिए जाने की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि कानून का उद्देश्य किसी एक वर्ग का पक्ष लेना नहीं, बल्कि सभी को समान न्याय उपलब्ध कराना होना चाहिए।

झूठे मामलों पर चिंता जताते हुए जस्टिस गोयल ने कहा कि महिलाओं की गरिमा और सम्मान की रक्षा जरूरी है, लेकिन इस उद्देश्य से बनाए गए कानूनों का इस्तेमाल व्यक्तिगत विवादों को निपटाने के हथियार के रूप में नहीं होना चाहिए। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से बातचीत का हवाला देते हुए कहा कि कई बार पुलिस शिकायत दर्ज करने के लिए बाध्य होती है और कमजोर पक्ष के प्रति सहानुभूति के कारण भी ऐसी परिस्थितियां पैदा होती हैं। उन्होंने पारिवारिक मूल्यों को मजबूत करने की जरूरत बताई।

उन्होंने वैवाहिक विवादों में बच्चों पर पड़ने वाले प्रभाव को भी गंभीर बताया। जस्टिस गोयल ने कहा कि जब माता-पिता के बीच कानूनी लड़ाई लंबी खिंचती है, तो सबसे ज्यादा नुकसान बच्चों को उठाना पड़ता है। बच्चे दोनों पक्षों के बीच खिंच जाते हैं और उनका बचपन प्रभावित होता है। उन्होंने विवाह संस्था और परिवार व्यवस्था को मजबूत बनाने पर भी जोर दिया।

दिल्ली हाईकोर्ट की पूर्व न्यायाधीश जस्टिस पूनम ए. बंबा ने कहा कि पारिवारिक अदालतों में कई तरह की जटिल परिस्थितियों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने अपने न्यायिक अनुभव साझा करते हुए बताया कि कई मामलों में पक्षकार अपने मुकदमे को सही साबित करने के लिए अंधविश्वास और यहां तक कि जादू-टोने जैसी गतिविधियों का सहारा लेने लगते हैं। उन्होंने कहा कि वैवाहिक विवादों में बच्चों का हित सर्वोपरि होना चाहिए और अदालतों को हर निर्णय में उनके कल्याण को प्राथमिकता देनी चाहिए।

एकम न्याय फाउंडेशन की संस्थापक एवं निदेशक दीपिका नारायण भारद्वाज ने कहा कि सम्मेलन का उद्देश्य कानून में मौजूद लैंगिक पक्षपात को दूर करना और यह सुनिश्चित करना है कि न्याय हर व्यक्ति तक पहुंचे, चाहे वह पुरुष हो, महिला हो, बच्चा हो या अभिभावक। उन्होंने कहा कि ऐसा न्याय अधूरा है जो किसी वर्ग को बाहर रखता है। उनके मुताबिक सम्मेलन में न्यायिक और जमीनी अनुभवों के माध्यम से लैंगिक समानता पर नई बहस को आगे बढ़ाने का प्रयास किया गया।

झूठे मामलों में शिकायतकर्ता की जवाबदेही भी जरूरी

इलाहाबाद हाईकोर्ट के पूर्व न्यायाधीश जस्टिस ए.एन. मित्तल ने यौन अपराधों और झूठे मामलों से जुड़े सत्र में कहा कि न्यायाधीशों को फैसला केवल अदालत में प्रस्तुत साक्ष्यों के आधार पर करना चाहिए। व्यक्तिगत भावनाओं और पूर्व अनुभवों का न्यायिक निर्णय पर कोई प्रभाव नहीं पड़ना चाहिए। उन्होंने कहा कि गवाहों के व्यवहार और बयान का आकलन करने के साथ अदालत जरूरत पड़ने पर स्वयं भी सवाल पूछ सकती है।

उन्होंने अपने अनुभव का हवाला देते हुए कहा कि उनके द्वारा निपटाए गए दुष्कर्म के 60 से 70 प्रतिशत मामलों में समझौते के बाद गवाह अपने बयान से मुकर गए। उन्होंने कहा कि जहां शुरुआत में ही जबरन वसूली या ब्लैकमेलिंग की आशंका दिखाई दे, वहां अदालतों को जमानत के प्रश्न पर समय रहते विचार करना चाहिए। साथ ही उन्होंने कहा कि न्यायिक प्रक्रिया केवल निर्दोष व्यक्ति को बरी करने तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि जानबूझकर झूठा मुकदमा दर्ज कराने वाले शिकायतकर्ताओं की जवाबदेही भी तय होनी चाहिए।

वरिष्ठ अधिवक्ता विकास नागवान ने कहा कि झूठी यौन अपराध शिकायतों से संबंधित आंकड़ों की उपलब्धता एक बड़ी चुनौती है। राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो (एनसीआरबी) मामलों के पंजीकरण का आंकड़ा तो रखता है, लेकिन उनके अंतिम परिणामों का पर्याप्त वर्गीकरण उपलब्ध नहीं है।

वैवाहिक दुष्कर्म कानून के दुरुपयोग पर चिंता

सुप्रीम कोर्ट की वरिष्ठ अधिवक्ता महालक्ष्मी पवानी ने वैवाहिक दुष्कर्म को अपराध की श्रेणी में लाने से जुड़े मुद्दे पर अपनी राय रखते हुए कहा कि वैवाहिक विवादों में इस तरह के प्रावधान का दुरुपयोग कर पतियों पर दबाव बनाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि अपराध करने वाला व्यक्ति महिला है या पुरुष, इसके आधार पर न्याय और सजा का मानदंड अलग नहीं होना चाहिए।

उत्तराखंड के पूर्व पुलिस महानिदेशक अशोक कुमार ने भी इस विषय पर व्यावहारिक चुनौतियों की ओर ध्यान दिलाया। उन्होंने कहा कि विवाह के भीतर सहमति की स्थिति को लेकर कानूनी स्तर पर स्पष्ट सीमाएं तय करना चुनौतीपूर्ण हो सकता है।

जांच पत्रकारिता और पुरस्कार

सम्मेलन में खोजी पत्रकारिता पर आयोजित सत्र में दैनिक भास्कर के पत्रकार मनीष मिश्रा ने 'लुटेरी दुल्हन' गिरोह पर किए गए स्टिंग ऑपरेशन का अनुभव साझा किया। उन्होंने बताया कि उनकी टीम ने अंडरकवर जांच के जरिए इस नेटवर्क से जुड़े 18 लोगों को उजागर किया। इनमें से एक व्यक्ति के खिलाफ पहले से चार मामले दर्ज थे। उन्होंने जनहित में की जाने वाली ऐसी पत्रकारिता के दौरान सामने आने वाली कानूनी चुनौतियों और जोखिमों पर भी चर्चा की।

सम्मेलन के दौरान एकम न्याय अवॉर्ड्स 2026 भी प्रदान किए गए। 'आयरन स्पाइन अवॉर्ड' लेखक एवं निर्देशक अरविंद पांडे और फिल्म निर्माता कुलदीप भार्गव 'तुषार' को फिल्म 'लव लॉटरी' के लिए दिया गया। पूर्व अंतरराष्ट्रीय मुक्केबाजी चैंपियन कृष्ण शर्मा को 'फीनिक्स अवॉर्ड' से सम्मानित किया गया। वहीं, 'क्रूसेडर ऑफ द ईयर' पुरस्कार अनमोल डांग और कृष्ण कुमार धाकड़ को प्रदान किया गया।

भारत में राष्ट्रीय पुरुष आयोग की आवश्यकता पर आयोजित शोध पत्र प्रतियोगिता में निशांत को पहला और दीपशिखा को दूसरा स्थान मिला। तलाक के विवादों में बच्चों के मानसिक और भावनात्मक संघर्ष को दर्शाने वाली वीडियो मेकिंग प्रतियोगिता में ऋषि राज विजेता रहे।

एकम न्याय फाउंडेशन की स्थापना फरवरी 2024 में दीपिका नारायण भारद्वाज ने की थी। संस्था लैंगिक समानता और न्याय के लिए काउंसलिंग, नि:शुल्क कानूनी सहायता, शोध और जनजागरूकता के क्षेत्र में काम करती है। संस्था के अनुसार अब तक 3,000 से अधिक लोगों को परामर्श दिया जा चुका है।

लोकप्रिय