किसानों का ऐलान , 2 दिसंबर को कुरुक्षेत्र में होगा बड़ा जमावड़ा

24 November, 2026, 12:03 pm

नई दिल्ली, 24 नवंबर 2024 । हरियाणा में गन्ना आंदोलन ने अब बड़ा रूप ले लिया है। कैथल में हुई प्रदेश के सभी किसान संगठनों की बैठक में आपसी मतभेद भुलाकर एकता का ऐलान किया गया। बैठक में सर्वसम्मति से फैसला लिया गया कि गन्ना किसानों को वाजिब दाम दिलाने के लिए सभी संगठन एकजुट होकर भारतीय किसान यूनियन हरियाणा के प्रदेश अध्यक्ष रतन मान के नेतृत्व में चल रहे आंदोलन को और मजबूत करेंगे।
किसानों से शांति बनाए रखने की अपील
बैठक के बाद गन्ने के खेत से किसानों को संबोधित करते हुए रतन मान ने कहा कि आंदोलन शांतिपूर्ण और संविधान के दायरे में ही लड़ा जाएगा। उन्होंने किसानों से अपील की कि कोई भी साथी उत्तेजना में आकर ऐसा कोई काम न करे, जिससे आंदोलन बदनाम हो। उन्होंने साफ कहा कि जो भी आंदोलन की मर्यादा तोड़ेगा, वह किसान कौम के साथ गद्दारी करेगा।
गन्ने के बाद गेहूं की लूट बर्दाश्त नहीं
रतन मान ने कहा कि पहले गन्ने की लूट, फिर गेहूं की लूट, यह अब बर्दाश्त से बाहर हो गया है। डीजल, खाद, मजदूरी, बिजली सब महंगा हो गया, लेकिन फसल का भाव वहीं अटका है। किसान भीख नहीं, अपना हक मांग रहा है। चाहे गन्ने वाला हो या बिना गन्ने वाला, छोटा किसान हो या बड़ा, सभी को कंधे से कंधा मिलाकर लड़ना होगा।
2 दिसंबर को सीएम के दरवाजे पर पहुंचेंगे हजारों किसान
रतन मान ने ऐलान किया कि आगामी 2 दिसंबर को प्रदेश भर से हजारों किसान कुरुक्षेत्र में मुख्यमंत्री के दरवाजे पर पहुंचेंगे। वहां शांतिपूर्ण तरीके से मुख्यमंत्री से बातचीत कर गन्ने और गेहूं के वाजिब भाव की मांग रखी जाएगी। उन्होंने हर जिले, तहसील और गांव के किसान से पूरी तैयारी के साथ पहुंचने की अपील की।
जय किसान, जय मजदूर, जय संविधान के नारे से गूंजा खेत
अपने संबोधन के अंत में रतन मान ने कहा कि किसान एक रहेगा तो ही जीत मिलेगी। न डरेंगे, न झुकेंगे, न बिखरेंगे। एकता ही किसान की सबसे बड़ी ताकत है।

 

लोकप्रिय