चंडीगढ़ में अब एयरपोर्ट से स्पाइसजेट की फ्लाइट नहीं उड़ेगी, एक बची थी वह भी 6 अक्टूबर से बंद

25 September, 2018, 12:27 pm

चंडीगढ़, 25 सितंबर: एक तरफ हाईकोर्ट फ्लाइट ऑपरेशन बढ़ाने के लिए एयरपोर्ट प्रबंधन और एयरलाइंस को कई बार फटकार चुका है, तो दूसरी ओर एयरलाइंस यहां से फ्लाइट ऑपरेशन कम करती जा रही हैं। पहले एयर इंडिया ने बैंकॉक फ्लाइट बंद करने का फैसला लिया। अब स्पाइसजेट फ्लाइट ऑपरेशन वाइंडअप करने जा रहा है।

चंडीगढ़ से स्पाइसजेट की सात फ्लाइट ऑपरेट होती थीं इनमें से 6 बंद हो चुकी हैं। आखिरी फ्लाइट दिल्ली की बची है, जो सुबह 8.20 पर दिल्ली के लिए रवाना होती है। इसकी बुकिंग भी 6 अक्टूबर तक के लिए की जा रही है। इसके बाद इस फ्लाइट की बुकिंग भी बंद कर दी गई है।

 

स्पाइसजेट एयरपोर्ट से सात फ्लाइट ऑपरेट कर रहा था। इनमें तीन फ्लाइट दिल्ली, एक फ्लाइट जयपुर, एक जम्मू, श्रीनगर और हैदराबाद के लिए थी। एयरलाइंस ने दो फ्लाइट दिल्ली की और एक जम्मू और हैदराबाद की फ्लाइट तो रनवे अपग्रेडेशन से पहले ही बंद कर दी थीं।

 

20 सितंबर को श्रीनगर की फ्लाइट भी बंद कर दी। अब श्रीनगर के लिए इंडिगो की फ्लाइट ही बची है। स्पाइसजेट यहां से 180 सीटर बोइंग और 78 क्यू400 विमान ऑपरेट कर रहा था। स्पाइसजेट की ऑक्युपेंसी भी 70 से 80 फीसदी रहती थी। इसके बावजूद एयरलाइंस ने चंडीगढ़ से वाइंडअप करने का फैसला ले लिया।

 

सूत्रों की मानें तो विंटर में इंस्ट्रूमेंट लैंडिंग सिस्टम की वजह से होने वाली दिक्कत के चलते यह फैसला लिया है। पुअर विजिबिलिटी में फ्लाइट्स डायवर्ट करनी पड़ती हैं, जिसके चलते एयरलाइंस को भारी नुकसान उठाना पड़ता है। स्पाइसजेट के  हेड सेल्स आनंद दिओर कहते हैं कि मैनेजमेंट ने टेंपरेरी तौर पर फैसला लिया है।

 Comments