सिनेमा में महिलाओं को आज भी साबित करनी पड़ती है अपनी क्षमता: IFFI में फिल्मकारों ने उठाए सवाल

25 November, 2026, 11:14 am

गोवा , 25 नवंबर 2026 । दुनिया के अलग-अलग सांस्कृतिक परिवेश से आने वाली महिला फिल्मकारों ने 57वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (आईएफएफआई) के दौरान आयोजित एक परिचर्चा में अपनी रचनात्मक यात्राओं और अनुभवों को साझा किया। ‘हर लेंस, हर लेगेसी, हर लिबर्टी: हर वुमन शेपिंग वर्ल्ड सिनेमा’ शीर्षक वाली इस परिचर्चा में पहचान, सांस्कृतिक विरासत और रचनात्मक स्वतंत्रता जैसे मुद्दों पर चर्चा हुई।

इस सत्र में किर्गिस्तान की लेखिका-निर्देशक नार्घिजा दोतिएवा, रोमानियाई-रोमा अभिनेत्री और फिल्मकार अलीना शेरबान तथा मैक्सिकन-अमेरिकी लेखिका-निर्देशक सुजैन एंड्रयूज कोरिया शामिल हुईं। भारतीय फिल्मकार अभिषेक जैन ने चर्चा का संचालन किया।

चर्चा की शुरुआत में अभिषेक जैन ने पैनलिस्टों से उनकी व्यक्तिगत यात्राओं और उन सांस्कृतिक प्रभावों के बारे में बात करने को कहा, जिन्होंने उनकी सिनेमाई अभिव्यक्ति को आकार दिया।

किर्गिस्तान की सांस्कृतिक विरासत से मिली कहानी कहने की प्रेरणा

नार्घिजा दोतिएवा ने बताया कि उनका जन्म किर्गिस्तान में हुआ और उनका बचपन झील के किनारे बसे एक छोटे मछुआरा कस्बे में बीता। उन्होंने याद किया कि उनके दादा पारंपरिक किर्गिज मौखिक कविताओं का पाठ करते थे, जिससे उनमें कहानी कहने के प्रति रुचि विकसित हुई।

विज्ञापन के क्षेत्र में काम करने के बाद उन्होंने अपनी शुरुआती फिल्म परियोजनाओं के लिए खुद धन जुटाया। उनकी रचनात्मकता पर किर्गिस्तान की साहित्यिक और सांस्कृतिक विरासत का प्रभाव रहा है, जिसमें महाकाव्य ‘मानस’ भी शामिल है। उनकी पहली फीचर फिल्म ‘स्काईलार्क’ सीमावर्ती क्षेत्रों के इतिहास और सार्वभौमिक मानवीय भावनाओं को तलाशती है।

रोमा समुदाय की कहानियों से रूढ़ियों को चुनौती

रोमानिया के बुखारेस्ट में एक रोमा परिवार में जन्मीं अलीना शेरबान ने आईएफएफआई में अपनी भागीदारी को अपनी पैतृक भूमि से भावनात्मक जुड़ाव का अवसर बताया। उन्होंने रोमा समुदाय और राजस्थान के बीच ऐतिहासिक संबंधों का उल्लेख किया। साथ ही बताया कि रोमा भाषा में भारतीय मूल के कई शब्द भी मौजूद हैं।

शेरबान ने कहा कि बुखारेस्ट में बड़े होते हुए उन्हें पूर्वाग्रह और सामाजिक भेदभाव का सामना करना पड़ा। इसके बाद उन्होंने थिएटर और सिनेमा के माध्यम से रूढ़िवादी धारणाओं को चुनौती देने का रास्ता चुना। अपनी फिल्मों और निर्देशन की पहली फीचर फिल्म ‘आई मैटर’ के जरिए वह रोमा समुदाय की कहानियों को नए नजरिए से प्रस्तुत करना चाहती हैं। उनका उद्देश्य इस समुदाय की कहानियों पर उसका अपना अधिकार स्थापित करना और संघर्ष, गरिमा तथा आत्मसम्मान को सामने लाना है।

महिलाओं के खिलाफ हिंसा से प्रेरित है ‘ला काजाडोरा’

मैक्सिकन-अमेरिकी फिल्मकार सुजैन एंड्रयूज कोरिया ने अपनी पहली फीचर फिल्म ‘ला काजाडोरा (द हंट्रेस)’ के निर्माण की करीब एक दशक लंबी यात्रा साझा की। मेक्सिको के सियुदाद जुआरेज की पृष्ठभूमि पर आधारित यह फिल्म महिलाओं की हत्या और उनके खिलाफ हिंसा की वास्तविक घटनाओं से प्रेरित है।

उन्होंने बताया कि शुरुआत में यह फिल्म गुस्से और तत्काल प्रतिक्रिया की अभिव्यक्ति थी, लेकिन धीरे-धीरे यह निराशा, अस्तित्व के संघर्ष और महिलाओं की अपनी परिस्थितियों पर नियंत्रण स्थापित करने की क्षमता की संवेदनशील पड़ताल बन गई।

स्वतंत्र फिल्मकारों के सामने फंडिंग और लैंगिक भेदभाव की चुनौती

परिचर्चा में स्वतंत्र फिल्मकारों के सामने आने वाली चुनौतियों पर भी चर्चा हुई। इनमें फंडिंग की कमी, लैंगिक भेदभाव और रूढ़िवादी चित्रण जैसे मुद्दे शामिल रहे।

कोरिया ने कहा कि निर्माता अक्सर जटिल और असहज विषयों पर आधारित कहानियों के बजाय व्यावसायिक रूप से सुरक्षित मानी जाने वाली कहानियों को प्राथमिकता देते हैं। वहीं, महिला निर्देशकों को गंभीरता से लिए जाने के लिए बार-बार अपनी योग्यता साबित करनी पड़ती है।

शेरबान ने बताया कि उनकी पटकथाएं रोमा समुदाय के रूढ़िवादी चित्रण के अनुरूप नहीं थीं, इसलिए उन्हें कई बार फंडिंग के लिए अस्वीकृति का सामना करना पड़ा। दोनों फिल्मकारों ने कहा कि कलाकारों को केवल किसी समुदाय का प्रतिनिधित्व करने के आधार पर नहीं, बल्कि उनकी रचनात्मक प्रतिभा और काम की गुणवत्ता के आधार पर पहचान मिलनी चाहिए।

दोतिएवा ने कहा कि कम प्रतिनिधित्व वाले क्षेत्रों की विविध और सांस्कृतिक जड़ों से जुड़ी कहानियों को प्रोत्साहित करने में दर्शकों और फिल्म महोत्सवों की अहम भूमिका है।

अपनी रचनात्मक यात्राओं के अनुभव साझा करते हुए तीनों फिल्मकारों ने उभरते फिल्मकारों को अपनी भावनात्मक और सांस्कृतिक जड़ों से जुड़े रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि स्थानीय अनुभवों पर आधारित प्रामाणिक कहानियों में दुनिया भर के दर्शकों से जुड़ने की क्षमता होती है। साभार डीडी न्यूज

लोकप्रिय