“केजरीवाल ने पंजाब को बना दिया है आम आदमी पार्टी की एटीएम, लैंड पूलिंग योजना दिनदहाड़े लूट”: तरुण चुग व सुनील जाखड़

चंडीगढ़, 4 जुलाई 2025:भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री तरुण चुग एवं पंजाब भाजपा अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने आज पंजाब के राज्यपाल श्री गुलाबचंद कटारिया से मुलाकात कर भगवंत मान सरकार द्वारा लाई गई असंवैधानिक लैंड पूलिंग नीति पर गंभीर आपत्ति जताई और पंजाब के किसानों की जमीनों की लूट के विरुद्ध कड़ा विरोध दर्ज कराया।
सुनील जाखड़ ने कहा कि पंजाब सरकार द्वारा लाई गई लैंड पूलिंग पॉलिसी 2025 के अभी तक कोई नियम और विनियम ही नहीं बनाए गए हैं। इससे यह स्पष्ट नहीं है कि इस लूट का अगला चरण कितना गंभीर हो सकता है। उन्होंने कहा कि भाजपा इस असंवैधानिक लूट के खिलाफ अदालत का दरवाजा भी खटखटाएगी।
जाखड़ ने कहा कि जिन जमीनों का अधिसूचना जारी हुआ है, वह कागज़ों पर तो किसानों के नाम दर्ज है, लेकिन वास्तव में न तो किसान उसे बेच सकता है, और न ही जरूरत पड़ने पर उसे बैंक में गिरवी रखकर कोई कर्ज ले सकता है।
चुग और जाखड़ ने दो-टूक कहा, "यह पूर्ण रूप से तानाशाही है। भाजपा इस अन्याय के खिलाफ कानूनी, राजनीतिक और जनआंदोलन के स्तर पर हर मोर्चे पर लड़ेगी। हम इस कानून को अदालत में चुनौती देंगे और पंजाब के हर पिंड हर जिले में जाकर लोगों को सच्चाई बताएंगे। अगर ज़रूरत पड़ी तो भूख हड़ताल भी करेंगे, लेकिन पंजाब के किसानों की एक इंच भी जमीन लुटने नहीं देंगे।"
इस अवसर पर चुग ने कहा कि केजरीवाल ने पंजाब की लोकतांत्रिक रूप से चुनी गई सरकार को हाईजैक कर लिया है, और मान सरकार को एक कठपुतली की तरह चला रहे हैं ताकि जमीन माफियाओं और अपने करीबियों को फायदा पहुंचाया जा सके। उन्होंने कहा कि यह लैंड पूलिंग बिल न केवल असंवैधानिक है बल्कि इसमें कोई पारदर्शी रोडमैप भी नहीं है, जिससे यह स्पष्ट हो जाता है कि यह पूर्व नियोजित साजिश है, जिसका मकसद पंजाब के निर्दोष किसानों की उपजाऊ जमीन हड़पना है।
उन्होंने आम आदमी पार्टी द्वारा इस लैंड पूलिंग नीति 400 वर्षों की योजना के दावे को एक खुला मज़ाक और पंजाबियों का अपमान करार दिया। चुग ने कहा, "जो सरकार 4 साल में ही पंजाब को आर्थिक कंगाली के कगार पर पहुंचा चुकी है, वो अब 400 साल की बात कर रही है। इनकी वित्तीय कुप्रबंधन ने पंजाब को फाइनेंशियल इंडेक्स में सबसे नीचे पहुंचा दिया है और अब पंजाब की उपजाऊ ज़मीन भूमाफियाओं को सौंपने की तैयारी कर रहे हैं। ये घमंड और पंजाब की 3 करोड़ जनता के साथ धोखा है।"
कांग्रेस की चुप्पी पर सवाल उठाते हुए, चुग ने कहा कि इस मुद्दे पर कांग्रेस का मौन यह साबित करता है कि कांग्रेस और आप के बीच अंदरूनी सांठगांठ चल रही है, और आपदा और कापदा दोनों ने पंजाब को लूटने के लिए अघोषित गठबंधन कर लिया है।
चुग ने यह भी बताया कि उन्हें महामहिम राज्यपाल ने आश्वासन दिया है कि पंजाब में कोई ग़ैर-संवैधानिक और अन्यायपूर्ण कदम नहीं उठाने दिया जाएगा।
प्रतिनिधिमंडल में डॉ. सुभाष शर्मा (प्रदेश उपाध्यक्ष), सुरजीत ज्याणी (पूर्व मंत्री), एडवोकेट बिक्रम सिंह सिद्धू (राज्य कार्यकारिणी सदस्य), गुरदेव शर्मा देवी (कोषाध्यक्ष, भाजपा पंजाब), रजनीश धीमान, हरीश टंडन, गुरिंदर संधू, तथा विनीत जोशी (प्रदेश मीडिया प्रमुख, भाजपा पंजाब) के साथ लुधियाना ज़िले के लैंड पूलिंग से प्रभावित किसान भी शामिल थे।