हरियाणा में कानून-व्यवस्था पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की हाई लेवल बैठक, दिए सख्त निर्देश

11 July, 2025, 11:40 pm

नई दिल्ली, 11 जुलाई: हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने राज्य में कानून-व्यवस्था को लेकर शुक्रवार देर शाम एक हाई लेवल बैठक की अध्यक्षता की। करीब 4 घंटे चली इस गहन समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने पुलिस प्रशासन को स्पष्ट निर्देश दिए कि अपराधों पर कड़ी निगरानी रखी जाए, और शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अपराध नियंत्रण को लेकर जिला ही नहीं, थाना स्तर पर भी जवाबदेही तय की जाए। उन्होंने जोर देकर कहा कि अपराधों के बढ़ते मामलों में लापरवाही को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।


फिरौती और महिला सुरक्षा को लेकर विशेष निर्देश

🔸 फिरौती मामलों पर मुख्यमंत्री ने जताई सख्त नाराजगी, अधिकारियों को निर्देश दिए कि ऐसे गंभीर अपराधों पर तुरंत अंकुश लगाएं और दोषियों पर कठोरतम कार्रवाई की जाए।
🔸 महिलाओं और छात्राओं की सुरक्षा के लिए कन्या स्कूलों और कॉलेजों की नियमित निगरानी, भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पुलिस पेट्रोलिंग को और सशक्त करने के निर्देश।
🔸 छुट्टी के समय छात्राओं की सुरक्षा के लिए विशेष पेट्रोलिंग की व्यवस्था सुनिश्चित करने के आदेश।


नशे के खिलाफ सख्त अभियान

मुख्यमंत्री ने नशे और मादक पदार्थों पर चिंता जताते हुए कहा कि ‘नशा मुक्त हरियाणा’ राज्य सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने सभी जिलों में पुलिस अधिकारियों की व्यक्तिगत जिम्मेदारी तय करने के निर्देश दिए और कहा कि नशा तस्करी के मामलों में तेज़ और निर्णायक कार्रवाई की जाए।


पुलिसकर्मियों के अनुशासन पर भी फोकस

मुख्यमंत्री ने सख्त लहजे में कहा कि यदि कोई पुलिसकर्मी वर्दी में या ड्यूटी के दौरान शराब पीते पाया गया, तो उसके खिलाफ तुरंत सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मियों का व्यवहार जनता के अनुरूप और सेवा-भाव से परिपूर्ण होना चाहिए।


शिकायतकर्ता को मिले त्वरित न्याय

बैठक में मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनता की शिकायतों पर समय पर कार्रवाई की जाए और शिकायतकर्ता को उसकी शिकायत की स्थिति की जानकारी दी जाए।
उन्होंने कहा, "प्रशासन का पहला दायित्व है कि आम आदमी को त्वरित न्याय और सुरक्षा का भरोसा दिया जाए।"


🔴 Broadcast Mantra की विशेष रिपोर्ट
रक्षा, सुरक्षा, प्रशासन और जनहित के मुद्दों पर पढ़ते रहिए – www.broadcastmantra.com