वजीरपुर विधायक पूनम शर्मा भारद्वाज महिलाओं के सशक्तिकरण और दिल्ली की प्रगति के लिए कांवड़ यात्रा पर रवाना

16 July, 2025, 8:00 pm

 

नई दिल्ली, 16 जुलाई 2025 — दिल्ली विधानसभा की सबसे युवा महिला विधायक और वजीरपुर विधानसभा क्षेत्र से विधायक श्रीमती पूनम शर्मा भारद्वाज आज ऐतिहासिक गौरी शंकर मंदिर, चांदनी चौक से हरिद्वार के लिए कांवड़ यात्रा पर रवाना हुईं। वह कल डाक कांवड़ के रूप में गंगाजल लेकर दिल्ली लौटेंगी। यह यात्रा दिल्ली की प्रगति, वजीरपुर के सर्वांगीण विकास और विशेष रूप से महिलाओं के कल्याण को समर्पित है। अध्यात्म के प्रति विशेष झुकाव रखने वाली पूनम शर्मा भारद्वाज दिल्ली विधानसभा की महिला एवं बाल विकास समिति की अध्यक्ष भी हैं।

इस अवसर पर दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष श्री विजेंदर गुप्ता और सांसद श्री प्रवीण खंडेलवाल ने हरी झंडी दिखाकर कांवड़ यात्रा को रवाना किया।

विधायक पूनम शर्मा भारद्वाज ने कहा, “आज भी कई महिलाएं सामाजिक, पारिवारिक या पेशेवर कारणों से अपनी आस्था को पूर्ण रूप से व्यक्त नहीं कर पाती हैं। यह यात्रा उन सभी महिलाओं को समर्पित है, जो मन से श्रद्धालु हैं, लेकिन कांवड़ यात्रा में शामिल नहीं हो पातीं। मैं उनके लिए भी गंगाजल अर्पित करूंगी।” उन्होंने कहा, “इस बार मैं केवल श्रद्धालु नहीं बल्कि जनप्रतिनिधि के रूप में यात्रा कर रही हूं, ताकि कांवड़ यात्रियों को आने वाली समस्याओं को करीब से देख सकूं और भविष्य में बेहतर व्यवस्थाओं के लिए प्रयास कर सकूं।”

कांवड़ यात्रा में बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ता और समर्थक भी शामिल हुए हैं, जो इसे आस्था और सेवा के संगम का प्रतीक बना रहे हैं। यात्रा का समापन 18 जुलाई 2025 को जलाभिषेक के साथ होगा।

दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष श्री विजेंदर गुप्ता ने कहा, “विधायक पूनम शर्मा भारद्वाज ने आस्था को सामाजिक उत्तरदायित्व से जोड़ने का सराहनीय प्रयास किया है। यह यात्रा उनकी व्यक्तिगत श्रद्धा ही नहीं बल्कि दिल्ली में महिलाओं को सशक्त बनाने की दिशा में एक प्रेरक पहल है।”