हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से मिले शाक्य समाज के प्रतिनिधि, धर्मशाला निर्माण के लिए 21 लाख रूपए की घोषणा

17 July, 2025, 8:00 pm

 

चंडीगढ़, 17 जुलाई 2025: हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी से आज शाक्य समाज के एक प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात की। मुख्यमंत्री निवास ‘संत कबीर कुटीर’ में हुई इस मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री ने शाक्य समाज के गौरवशाली इतिहास को मानवता के लिए प्रेरणास्त्रोत बताया और समाज के हित में हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।

मुख्यमंत्री ने कैथल में शाक्य समाज के लिए धर्मशाला निर्माण हेतु 21 लाख रूपए की सहायता राशि देने की घोषणा की। साथ ही प्रदेश में भगवान बुद्ध जयंती के भव्य आयोजन का भी भरोसा दिलाया।

मुख्यमंत्री सैनी ने कहा कि हरियाणा सरकार प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के 'सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास' के मंत्र पर काम कर रही है। उन्होंने पिछड़े वर्गों के लिए बढ़ाई गई सुविधाओं का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार हर वर्ग के उत्थान के लिए प्रतिबद्ध है।

बैठक में मुख्यमंत्री के ओएसडी श्री भारत भूषण भारती और शाक्य समाज के प्रमुख प्रतिनिधि श्री बलवान सिंह शाक्य, श्री ज्ञान चंद शाक्य सहित अन्य गणमान्य सदस्य मौजूद रहे।