कारगिल विजय दिवस पर शहीदों को सीएम भगवंत मान ने दी श्रद्धांजलि

26 July, 2025, 5:54 pm

 

चंडीगढ़, 26 जुलाई:
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने शनिवार को कारगिल विजय दिवस के अवसर पर चंडीगढ़ स्थित बोगनविलिया गार्डन में युद्ध स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित कर कारगिल युद्ध में शहीद हुए जवानों को श्रद्धांजलि दी। इस मौके पर उन्होंने कहा कि देश के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर सैनिकों की यह बलिदानगाथा आने वाली पीढ़ियों को देशसेवा के लिए प्रेरित करती रहेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि 1999 में जब कारगिल युद्ध हुआ, उस समय पूरा देश एकजुट हो गया था। "भारत के जांबाज सैनिकों ने दुर्गम परिस्थितियों में अद्भुत साहस और शौर्य का परिचय दिया और दुश्मनों को करारी शिकस्त दी। यह वीरता विश्व इतिहास में बेमिसाल है," उन्होंने कहा।

भगवंत मान ने बताया कि कारगिल, द्रास और बटालिक में भारतीय सेना ने पाकिस्तानी घुसपैठियों को मुंहतोड़ जवाब दिया और उन्हें पीछे हटने पर मजबूर कर दिया। उन्होंने कहा कि पंजाब को गर्व है कि उसके बेटे इस युद्ध में वीरगति को प्राप्त हुए और देश का मान बढ़ाया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब सरकार ड्यूटी के दौरान शहीद होने वाले जवानों के परिवार को ₹1 करोड़ की आर्थिक सहायता देती है। यह एक छोटी-सी कोशिश है उनकी अमूल्य सेवा को नमन करने की।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने एनसीसी कैडेट्स और महाराजा रणजीत सिंह आर्म्ड फोर्सेज प्रिपरेटरी इंस्टीट्यूट तथा माई भागो आर्म्ड फोर्सेज प्रिपरेटरी इंस्टीट्यूट, मोहाली के कैडेट्स से भी बातचीत की। उन्होंने युवाओं को सेना में शामिल होकर देश की सेवा करने के लिए प्रेरित किया।

समारोह में पीएपी बैंड द्वारा डीएसपी दविंदर सिंह सैनी के नेतृत्व में गार्ड ऑफ ऑनर पेश किया गया। कार्यक्रम में कई वरिष्ठ व सेवानिवृत्त सैन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।

इस मौके पर रक्षा सेवा कल्याण मंत्री मोहिंदर भगत समेत कई अन्य गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित थे।