भारतीय नौसेना का INS तमाल इटली के नेपल्स पहुंचा,

16 August, 2025, 3:30 pm

 

नई दिल्ली, 15 अगस्त 2025 – भारतीय नौसेना का नवीनतम स्टील्थ फ्रिगेट INS तमाल इटली के नेपल्स बंदरगाह पर पहुँचा है। रूस में 1 जुलाई को कमीशनिंग के बाद यह जहाज़ भारत लौटते हुए 13 अगस्त को नेपल्स पहुँचा। यह दौरा भारत और इटली के बीच 2023 में हुए ‘स्ट्रैटेजिक पार्टनरशिप’ के तहत गहराते संबंधों का प्रतीक माना जा रहा है।

नेपल्स पहुंचने से पहले INS तमाल ने इटली की नौसेना के जहाज़ ITS ट्राएस्टे (लैंडिंग प्लेटफॉर्म डॉक) के साथ समुद्री अभ्यास पासेज एक्सरसाइज (PASSEX) में हिस्सा लिया। इस दौरान दोनों नौसेनाओं ने कम्युनिकेशन ड्रिल्स, मैन्युवर्स और फ्लाइंग ऑपरेशन्स जैसे संयुक्त अभ्यास किए।

नेपल्स में पोर्ट कॉल के दौरान INS तमाल के क्रू ने विभिन्न पेशेवर और द्विपक्षीय कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। इसमें इटली की नौसेना के वरिष्ठ अधिकारियों से मुलाकात, नागरिक गणमान्य व्यक्तियों से संवाद, क्रॉस-डेक विज़िट्स और सांस्कृतिक आयोजन शामिल रहे।

विशेष बात यह रही कि जहाज़ पर भारतीय नौसेना ने आज ही नेपल्स में भारत का 79वां स्वतंत्रता दिवस मनाया।

रक्षा विशेषज्ञों के मुताबिक यह दौरा भारत-इटली के बढ़ते रक्षा सहयोग और समुद्री साझेदारी को और मजबूत करने की दिशा में एक अहम कदम है। इससे दोनों नौसेनाओं को एक-दूसरे के साथ काम करने की शैली समझने, बेस्ट प्रैक्टिस साझा करने और नए सहयोग क्षेत्रों की खोज करने का अवसर मिलेगा।