नेपल्स (इटली) में INS तमाल का दौरा संपन्न

17 August, 2025, 3:25 pm

 

नई दिल्ली | 17 अगस्त 2025

भारतीय नौसेना का नवीनतम स्टील्थ फ्रिगेट INS तमाल ने 13 से 16 अगस्त तक इटली के नेपल्स बंदरगाह का दौरा किया। यह दौरा भारत और इटली के बीच 2023 में बने स्ट्रैटेजिक पार्टनरशिप संबंधों को और मजबूत करने की दिशा में अहम माना जा रहा है।

बंदरगाह में प्रवेश से पहले, INS तमाल ने इटली की नौसेना के लैंडिंग हेलिकॉप्टर डॉक ITS Trieste के साथ Passage Exercise (PASSEX) किया। इसमें संचार अभ्यास, युद्धक चालें, हेलिकॉप्टर उड़ान संचालन और सी-राइडर्स का आदान-प्रदान शामिल रहा।

नेपल्स में जहाज़ के दौरे के दौरान कई उच्चस्तरीय रक्षा और कूटनीतिक बैठकें हुईं। कमांडिंग ऑफिसर ने इटालियन नेवी के लॉजिस्टिक्स कमांड के चीफ ऑफ स्टाफ वाइस एडमिरल पिएरपाओलो बुड्री और नेपल्स की उप महापौर लौरा लीतो से मुलाकात की। दोनों पक्षों ने इंडिया-इटली स्ट्रैटेजिक एक्शन प्लान 2025–2029 के तहत रक्षा सहयोग पर चर्चा की।

भारतीय दूतावास और INS तमाल ने संयुक्त रूप से जहाज़ पर एक सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया, जिसमें इटालियन नेवी, स्थानीय प्रशासन, रोम स्थित राजनयिक कोर, संयुक्त राष्ट्र एजेंसियों और रक्षा उद्योग के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।

विशेष तौर पर 15 अगस्त को जहाज़ पर 79वें स्वतंत्रता दिवस का भव्य आयोजन किया गया। जहाज़ के सैनिकों ने रोम स्थित भारतीय दूतावास में भी स्वतंत्रता दिवस समारोह में भाग लिया।

INS तमाल का यह दौरा भारत-इटली के बीच बढ़ते रक्षा सहयोग और समुद्री कूटनीति का प्रतीक माना जा रहा है। जहाज़ अब अपनी वापसी यात्रा में यूरोप और एशिया के अन्य बंदरगाहों का दौरा करेगा।