जगवीर मलिक बने हरियाणा राज्य भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के असिस्टेंट स्टेट कमिश्नर (ग्रोथ)

22 December, 2025, 10:23 pm


हरियाणा राज्य भारत स्काउट्स एवं गाइड्स ने संगठन को सुदृढ़ एवं सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए श्री जगवीर मलिक को असिस्टेंट स्टेट कमिश्नर (ग्रोथ) के पद पर नियुक्त किया है। श्री जगवीर मलिक मूल रूप से सोनीपत के निवासी हैं।
यह नियुक्ति हरियाणा राज्य भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के स्टेट चीफ कमिश्नर डॉ. के. के. खंडेलवाल (आईएएस, सेवानिवृत्त) द्वारा वॉरंट ऑफ अपॉइंटमेंट प्रदान कर की गई। इस अवसर पर डॉ. के. के. खंडेलवाल ने श्री मलिक को नई जिम्मेदारी के लिए बधाई दी तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
श्री जगवीर मलिक इससे पूर्व भी अनेक महत्वपूर्ण पदों पर अपनी सेवाएँ दे चुके हैं। वे उपाध्यक्ष, हरियाणा ओलंपिक एसोसिएशन, सहायक शैक्षणिक अधिकारी (खेल), हरियाणा, संयुक्त सचिव, ऑल इंडिया रेसलिंग फेडरेशन, मुख्य संरक्षक, फिजिकल टीचर्स एसोसिएशन हरियाणा जैसे प्रतिष्ठित पदों पर रह चुके हैं।
खेल एवं सामाजिक क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए श्री जगवीर मलिक को अनेक सम्मानों से नवाज़ा गया है। इनमें प्रमुख रूप से 15 अगस्त 2009 को बिहार के मुसेहरी गाँव में बाढ़ पीड़ितों के पुनर्वास हेतु किए गए कार्यों के लिए हरियाणा के माननीय मुख्यमंत्री द्वारा सम्मान, खेल क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान हेतु हरियाणा के माननीय राज्यपाल द्वारा सम्मान, 26 जनवरी 2008 को उत्कृष्ट खेल सेवाओं के लिए उपायुक्त, सोनीपत द्वारा सम्मान शामिल हैं।
हरियाणा राज्य भारत स्काउट्स एवं गाइड्स को विश्वास है कि श्री जगवीर मलिक अपने अनुभव, नेतृत्व क्षमता और संगठनात्मक दक्षता से स्काउटिंग आंदोलन को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएँगे।