जर्मनी में घट रही शराब की आदत: वाइन की खपत लगातार गिरावट पर

बर्लिन | 16 जनवरी 2026
जर्मनी में वाइन पीने की परंपरा धीरे-धीरे कमजोर पड़ती जा रही है। जर्मन वाइन इंस्टीट्यूट (DWI) द्वारा जारी ताज़ा आंकड़ों के अनुसार देश में प्रति व्यक्ति वाइन की खपत में लगातार गिरावट दर्ज की गई है।
अगस्त 2024 से जुलाई 2025 के बीच औसतन प्रति व्यक्ति 21.5 लीटर वाइन की खपत हुई, जबकि इससे पिछले वर्ष यह आंकड़ा 22.2 लीटर था। वर्ष 2020-21 में यह खपत 24.3 लीटर प्रति व्यक्ति तक थी। यानी बीते चार वर्षों में वाइन पीने की मात्रा में साफ गिरावट देखी गई है।
DWI की निदेशक मेलानी ब्रॉय-एंगेल्केस के अनुसार,
“उपभोक्ताओं की बदलती जीवनशैली, बढ़ती महंगाई और जनसांख्यिकीय बदलाव (डेमोग्राफिक चेंज) इसके प्रमुख कारण हैं।”
हालांकि, जर्मनी में स्पार्कलिंग वाइन यानी सेक्ट’ (Sekt) की खपत लगभग स्थिर बनी हुई है। इसमें सिर्फ 0.1 लीटर की मामूली गिरावट आई है और औसतन खपत 3.5 लीटर प्रति व्यक्ति रही।
गौरतलब है कि जर्मनी में वाइन पीने की कानूनी उम्र 16 वर्ष है। देश के पश्चिमी हिस्से में राइन और मोसेल नदियों के किनारे बड़े पैमाने पर अंगूर की खेती होती है। जर्मनी खास तौर पर अपनी रिस्लिंग (Riesling),ग्राउबुर्गुंडर (पिनोट ग्रिस) और ट्रोलिंगर वाइन के लिए दुनिया भर में प्रसिद्ध है।
DWI ने बताया कि ये आंकड़े वाइन उत्पादकों, व्यापारियों और होटल-रेस्तरां सेक्टर से प्राप्त जानकारी के आधार पर तैयार किए गए हैं।
---




