अभाविप दिल्ली के 61वें 'प्रदेश अधिवेशन' के पोस्टर का जेएनयू में भव्य विमोचन;

अभाविप दिल्ली के 61वें 'प्रदेश अधिवेशन' के पोस्टर का जेएनयू में भव्य विमोचन; राष्ट्रीय महामंत्री वीरेंद्र सिंह सोलंकी और अर्जुन अवॉर्डी दीपक निवास हुड्डा रहे उपस्थित
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद दिल्ली के आगामी 61वें प्रदेश अधिवेशन के पोस्टर का आज जेएनयू के 'वेदांत स्थल' पर भव्य विमोचन किया गया। यह विमोचन समारोह 'जेएनयू ओलंपिक 2.O' के पुरस्कार वितरण समारोह के गरिमामयी उपस्थिति पर आयोजित हुआ। अधिवेशन के पोस्टर का अनावरण मुख्य अतिथि और अभाविप के राष्ट्रीय महामंत्री वीरेंद्र सिंह सोलंकी तथा विशिष्ट अतिथि व भारतीय कबड्डी टीम के पूर्व कप्तान अर्जुन अवॉर्डी दीपक निवास हुड्डा द्वारा किया गया।
अभाविप दिल्ली का यह 61वाँ प्रदेश अधिवेशन 31 जनवरी से 1 फरवरी 2026 तक केशव महाविद्यालय, रोहिणी विभाग में आयोजित किया जाना सुनिश्चित हुआ है। यह अधिवेशन दिल्ली के छात्र राजनीति और शैक्षणिक विमर्श के लिए एक अत्यंत महत्वपूर्ण मंच है, जहाँ दिल्ली भर के हज़ारों छात्र प्रतिनिधि आगामी वर्ष की कार्ययोजना और छात्र हितों से जुड़े प्रस्तावों पर चर्चा करेंगे।
पोस्टर लॉन्च के अवसर पर वीरेंद्र सिंह सोलंकी जी ने कहा कि, "प्रदेश अधिवेशन कार्यकर्ताओं की ऊर्जा और वैचारिक प्रतिबद्धता का उत्सव है। दिल्ली का छात्र समुदाय इस अधिवेशन के माध्यम से राष्ट्र-पुनर्निर्माण के अपने संकल्प को और अधिक सुदृढ़ करेगा।" वहीं दीपक निवास हुड्डा ने युवाओं को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद का यह प्रांत अधिवेशन सभी दिल्ली के छात्रों और शैक्षणिक परिसरों के लिए आगे आने वाले वर्ष में नई दृष्टि और सकारात्मकता प्रदान करेगा।
अभाविप जेएनयू इकाई के अध्यक्ष मयंक पांचाल ने कहा कि जेएनयू से कार्यकर्ताओं की एक बड़ी टोली इस अधिवेशन में सक्रिय सहभागिता करेगी। अभाविप का ध्येय सदैव परिसरों में छात्र-केंद्रित और राष्ट्र-केंद्रित विमर्श को बढ़ावा देना रहा है।
अभाविप जेएनयू के मंत्री प्रवीण कु० पीयूष ने बताया कि पोस्टर लॉन्च के इस कार्यक्रम में जेएनयू के सैकड़ों छात्र उपस्थित रहे, जिन्होंने 'वंदे मातरम' और 'भारत माता की जय' के उद्घोष से परिसर को गुंजायमान कर दिया।




