मिशन रोजगार के तहत 63,943 युवाओं को बिना रिश्वत सरकारी नौकरी: मुख्यमंत्री भगवंत मान

30 January, 2026, 10:39 pm

 

 

मोहाली, 30 जनवरी।
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा है कि उनकी सरकार ने मिशन रोजगार के तहत अब तक 63,943 युवाओं को बिना किसी रिश्वत और सिफारिश के सरकारी नौकरियां प्रदान की हैं। यह भर्ती पूरी तरह पारदर्शी और मेरिट आधारित रही है।

मोहाली में आयोजित कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के 916 नवनियुक्त युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछली सरकारों के दौरान नौकरियां रिश्वत और पक्षपात के आधार पर दी जाती थीं, जिससे योग्य युवाओं के साथ अन्याय होता था। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी सरकार ने सत्ता में आते ही इस व्यवस्था को बदलने का संकल्प लिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जब से जनता ने “झाड़ू” का बटन दबाया है, तब से आम नागरिकों को उनके अधिकार मिलने लगे हैं। पहले युवाओं को यह उम्मीद भी नहीं होती थी कि उन्हें निष्पक्ष प्रक्रिया से नौकरी मिल पाएगी। उन्होंने बताया कि आने वाले दिनों में और युवाओं को भी नियुक्ति पत्र दिए जाएंगे।

सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री स्वास्थ्य योजना के तहत अब हर पंजाबी परिवार को 10 लाख रुपये तक का कैशलेस इलाज मिलेगा। पहले यह सुविधा 5 लाख रुपये तक सीमित थी। इस योजना से लगभग 65 लाख परिवारों को लाभ मिलेगा।

उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने 19 टोल प्लाजा बंद कर दिए हैं, जिससे आम लोगों की रोजाना करीब 64 लाख रुपये की बचत हो रही है। इसके अलावा पूरे प्रदेश में 881 आम आदमी क्लीनिक शुरू किए गए हैं, जहां मुफ्त इलाज और दवाइयां दी जा रही हैं। जुलाई 2022 से राज्य के 90 प्रतिशत परिवारों को मुफ्त बिजली दी जा रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अब तक दी गई नौकरियों में से एक भी नियुक्ति अदालत में चुनौती नहीं दी गई, जो भर्ती प्रक्रिया की पारदर्शिता को दर्शाता है। उन्होंने नवनियुक्त युवाओं से पूरी ईमानदारी और समर्पण के साथ जनता की सेवा करने का आह्वान किया।