राजस्थान से मध्यप्रदेश की रोमांचक उड़ान: इंदौर में टैंडम पैराग्लाइडिंग फेस्टिवल का आयोजन

31 January, 2026, 8:39 pm

 

मध्यप्रदेश पर्यटन बोर्ड की रणनीतिक पहल के तहत राजस्थान और मध्यप्रदेश के बीच पर्यटन कनेक्टिविटी को सशक्त बनाने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। एडवेंचर टूरिज्म को बढ़ावा देने के उद्देश्य से इंदौर में पहली बार टैंडम पैराग्लाइडिंग फेस्टिवल का आयोजन 31 जनवरी एवं 1 फरवरी 2026 को प्राकृतिक सौंदर्य से भरपूर कोरबन हिल्स में किया जा रहा है। यह आयोजन मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड एवं मध्यप्रदेश फ्लाइंग क्लब के संयुक्त सहयोग से आयोजित होगा।
राजस्थान, विशेषकर जयपुर, उदयपुर और अजमेर जैसे शहरों से आने वाले पर्यटकों के लिए इंदौर एक सुगम, नजदीकी और रोमांचक वीकेंड डेस्टिनेशन के रूप में उभर रहा है। बेहतर सड़क, रेल एवं हवाई संपर्क के चलते राजस्थान के ट्रैवल एजेंट्स अब अपने ग्राहकों को मध्यप्रदेश के एडवेंचर अनुभवों से जोड़ सकते हैं।
मध्यप्रदेश पर्यटन बोर्ड के सचिव एवं प्रबंध संचालक डॉ. इलैया राजा टी. ने बताया कि मध्यप्रदेश प्राकृतिक विविधता, सुरक्षित एडवेंचर गतिविधियों और सुव्यवस्थित पर्यटन ढांचे के कारण देश के अग्रणी एडवेंचर टूरिज्म राज्यों में शामिल हो रहा है। ऐसे आयोजन राजस्थान जैसे पड़ोसी राज्यों से पर्यटकों को आकर्षित कर अंतर्राज्यीय पर्यटन को नई गति देंगे।
मध्यप्रदेश पर्यटन विभाग के मार्केटिंग टूरिज्म मैनेजर श्री कुणाल सिंह के नेतृत्व में राजस्थान में MP Tourism का लक्षित प्रचार किया जाएगा। इसके अंतर्गत ट्रैवल एजेंट्स, टूर ऑपरेटर्स और एक्सपीरियंस-बेस्ड ट्रैवल कंपनियों के साथ नेटवर्किंग कर इंदौर, उज्जैन, ओंकारेश्वर और अन्य एडवेंचर व वेलनेस डेस्टिनेशनों को संयुक्त पैकेज के रूप में प्रमोट किया जाएगा।

संयुक्त संचालक (एडवेंचर टूरिज्म) डॉ. एस. के. श्रीवास्तव ने जानकारी दी कि फेस्टिवल के दौरान शुरुआती एवं अनुभवी प्रतिभागियों दोनों के लिए विशेष टैंडम पैराग्लाइडिंग सत्र आयोजित किए जाएंगे। सभी उड़ानें प्रमाणित प्रशिक्षकों की निगरानी में अंतर्राष्ट्रीय सुरक्षा मानकों के अनुरूप संचालित होंगी।
मध्यप्रदेश फ्लाइंग क्लब के निदेशक श्री नीरज मुजुमदार ने बताया कि पैराग्लाइडिंग स्लॉट सीमित हैं और प्रतिभागी मात्र ₹2,999 में यह रोमांचक अनुभव प्राप्त कर सकते हैं। बुकिंग एवं अधिक जानकारी के लिए www.mpfc.in अथवा इंस्टाग्राम पेज @mpflyingclub पर संपर्क किया जा सकता है।

यह आयोजन न केवल इंदौर को एडवेंचर टूरिज्म के मानचित्र पर नई पहचान देगा, बल्कि राजस्थान–मध्यप्रदेश के बीच पर्यटन सहयोग को भी मजबूत करेगा, जिससे दोनों राज्यों के ट्रैवल इंडस्ट्री को दीर्घकालिक लाभ मिलेगा।