मोदी सरकार का यह बजट विकसित भारत’ के संकल्प को साकार करने की दिशा में प्रेरक कदम : बिप्लब देब
.jpeg)
नई दिल्ली, 1 फरवरी। सांसद एवं त्रिपुरा के पूर्व मुख्यमंत्री बिप्लब कुमार देब ने पीएम मोदी के नेतृत्व एवं केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा प्रस्तुत बजट को ‘विकसित भारत’ के संकल्प को साकार करने की दिशा में एक मजबूत और प्रेरक कदम बताया। अपनी प्रतिक्रिया में श्री देब ने कहा कि यह बजट युवाओं के लिए नए अवसर, किसानों के लिए सुरक्षा, उद्यमियों के लिए प्रोत्साहन, मध्यम वर्ग के लिए राहत और श्रमिकों के लिए सम्मान लेकर आया है।
बिप्लब देब ने कहा कि यह बजट इनोवेशन, मेनुफैक्चरिंग और रोजगार को बढ़ावा देते हुए कृषि, ग्रामीण विकास, इंफ्रास्ट्रक्चर, पर्यटन, संस्कृति और हमारी ज्ञान परंपरा को और सशक्त बनाएगा। यह बजट सही अर्थों में “विकास भी, विरासत भी” के मंत्र को आगे बढ़ाता है। पूर्वोत्तर भारत के सर्वांगीण विकास को इस बजट में विशेष प्राथमिकता दी गई है।
बिप्लब देब ने कहा कि बजट में कनेक्टिविटी, इंफ्रास्ट्रक्चर, पर्यटन, ऊर्जा, कौशल विकास और सीमावर्ती क्षेत्रों के सशक्तिकरण के माध्यम से नॉर्थ ईस्ट को राष्ट्रीय विकास की मुख्यधारा से और मजबूती से जोड़ा गया है। यह ‘Act East, Act Fast’ के विज़न को नई गति देने वाला बजट है।
उन्होंनें कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन में एमएसएमई, स्टार्टअप और स्वदेशी उत्पादन को मजबूत समर्थन देकर ‘आत्मनिर्भर भारत’ की नींव को और सुदृढ़ किया गया है। उन्होंने कहा कि मुझे पूरा विश्वास है कि यह बजट सामाजिक न्याय, समावेशी विकास और सुशासन के माध्यम से आज के साथ-साथ भविष्य के भारत के निर्माण में अहम भूमिका निभाएगा। श्री देब ने कहा कि इस दूरदर्शी और जनकल्याणकारी बजट के लिए प्रधानमंत्री मोदी तथा वित्त मंत्री का आभार जताया।




