कांग्रेस को अब पंजाबी साँप और नेवले दिखने लगे..? –बलियावाल

14 February, 2026, 5:03 pm

 

चंडीगढ़, 14 फरवरी – पूर्व स्पीकर और कांग्रेसी नेता राणा के.पी. द्वारा पंजाबियों को लेकर दिए गए बयान के बाद पंजाब की सियासत गरमा गई है। इस बयान पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा के प्रवक्ता प्रितपाल सिंह बलियावाल ने कहा कि पंजाबियों की तुलना सांप और नेवले से करना कांग्रेस की घटिया सोच को दर्शाता है।

बलियावाल ने इस बयान पर ट्वीट करते हुए लिखा कि “राणा जी पर भी लगता है संगत का असर हो गया है।” उन्होंने कहा कि कांग्रेसी नेताओं द्वारा कभी दलितों के बारे में, कभी सिखों के बारे में, कभी पंजाबियों को गद्दार कहना और अब पंजाबियों के बारे में की गई यह घटिया टिप्पणी कतई बर्दाश्त योग्य नहीं है।

उन्होंने पंजाब कांग्रेस से सवाल करते हुए कहा कि कांग्रेस जवाब दे — क्या अब पंजाबियों को आप सांप और नेवला समझने लगे हैं? बलियावाल ने कहा कि कांग्रेस “मोहब्बत की दुकान” के झूठे नारे लगाती है, लेकिन वास्तव में कांग्रेसी नेताओं के मन में दलितों, सिखों और पंजाबियों के प्रति केवल नफरत भरी हुई है।

उन्होंने मांग की कि राणा के.पी. सिंह अपने बयान पर तुरंत पंजाबियों से माफी मांगें। साथ ही बलियावाल ने पंजाब सरकार से आगामी बजट में कांग्रेसी नेताओं के इलाज के लिए विशेष फंड रखने की मांग की, जिनकी बुद्धि भ्रष्ट हो चुकी है।