भारत रणभूमि दर्शन आज कुरुक्षेत्र में, नवीन जिन्दल करेंगे करगिल योद्धाओं, वीर नारियों का सम्मान
.png)
कुरुक्षेत्र, 19 फरवरी। नवीन जिन्दल फाउंडेशन (Naveen Jindal Foundation) 20 फरवरी शुक्रवार के दिन भारत रणभूमि दर्शन यात्रा (Bharat Ranbhoomi Darshan ) सम्मान समारोह कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय (Kurukshetra University ) के आरके सदन में आयोजित कर रहा है। इस अवसर पर देश के सैन्य गौरव, अमर शहीदों की पावन स्मृति और राष्ट्रीय एकता के अटूट संकल्प के साथ भारत रणभूमि दर्शन यात्रा में शामिल सेना के जांबाजों का भव्य अभिनंदन किया जाएगा।
फ्लैग फाउंडेशन ऑफ इंडिया (Flag Foundation Of India) के विजन और जिन्दल स्टील (Jindal Steel ) के सहयोग के द्वारा आयोजित राष्ट्रभक्ति के इस कार्यक्रम में रणभूमि से लौटे वीर जवानों, देश के लिए अपना सर्वस्व न्यौछावर करने वाले करगिल योद्धाओं और वीर नारियों को सम्मानित किया जाएगा।
इस समारोह की अध्यक्षता सांसद नवीन जिन्दल करेंगे।
इस अभिनंदन समारोह कार्यक्रम में कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. सोमनाथ सचदेवा, मेजर जनरल अरविंद यादव, कर्नल अश्विन, फ्लैग फाउंडेशन ऑफ इंडिया ( Flag Foundation Of India ) के सीईओ मेज़र जनरल (रि.) अशीम कोहली सहित कई वरिष्ठ सैन्य अधिकारी, एनसीसी, एनएसएस कैडेट्स और करगिल विजय( Kargil Vijay) के योद्धा उपस्थित रहेंगे।
यह यात्रा मंगलवार, 3 फरवरी को गुजरात के द्वारका( Dwarka) से रवाना हुई थी। भारतीय सेना की आर्टिलरी रेजिमेंट के 200 गौरवशाली वर्षों के उपलक्ष्य में आयोजित इस अभियान का नेतृत्व भारतीय सेना की आर्टिलरी रेजिमेंट द्वारा भारतीय नौसेना के गनर्स और सीमा सुरक्षा बल के सहयोग से किया जा रहा है। कच्छ के रण और थार मरुस्थल की कठिन चुनौतियों को पार करते हुए 20 फरवरी को यह यात्रा कुरुक्षेत्र पहुंचेगी और 21 फरवरी को दिल्ली में संपन्न होगी।
गौरतलब है कि सांसद नवीन जिन्दल ने जनमानस को तिरंगा फहराने का अधिकार दिलाने के लिए एक लंबी कानूनी लड़ाई लड़ी है। उनके द्वारा राष्ट्रीय ध्वज के प्रति जन जागरुकता और देश में विशाल तिरंगे लगाने का अभियान चलाया जा रहा है। विदित हो कि फ्लैग फाउंडेशन ऑफ इंडिया (Flag Foundation Of India ) द्वारा पुराने एवं खंडित तिरंगों को एकत्रित कर उन्हें सम्मानपूर्वक रिसाइकिल करके नया स्वरूप देने का अभियान कुरुक्षेत्र संसदीय क्षेत्र से आरंभ किया गया है, जो कि बाद में पूरे देश में चलाया जाएगा। सांसद नवीन जिन्दल सैनिकों और पूर्व सैनिकों के साथ तिरंगे के मान-सम्मान से जुड़ी यह विशेष मुहिम भी सांझा करेंगे।
इस समारोह में सैन्य बैंड की देशभक्तिपूर्ण धुनें भी आकर्षण का केंद्र होंगी। यह आयोजन युवाओं में देशभक्ति, अनुशासन और राष्ट्रीय चरित्र की भावना को सुदृढ़ करने की दिशा में एक बड़ा कदम साबित होगा।




