मानेसर नगर में हिन्दू सम्मेलन का भव्य आयोजन; RSS के प्रांत संघचालक प्रताप सिंह ने कहा- हिन्दू समाज जातिगत विभाजन से ऊपर उठे

25 February, 2026, 5:17 pm

Hindu Sammelan: मानेसर नगर के सेक्टर-1 स्थित टाउन पार्क में आज हिन्दू सम्मेलन का भव्य एवं अनुशासित आयोजन सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारम्भ दीप प्रज्वलन एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ किया गया, जिससे सम्पूर्ण वातावरण आध्यात्मिक ऊर्जा से ओतप्रोत हो गया।

कार्यक्रम के प्रारम्भिक सत्र में इस्कॉन से पधारे विद्वान वक्ता ने द्वापर युग से लेकर कलियुग तक भारत के विभिन्न प्राचीन नामों एवं उनकी ऐतिहासिक-सांस्कृतिक पृष्ठभूमि पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि आज विश्व के अनेक देशों में सनातन धर्म की बढ़ती स्वीकार्यता भारत की शाश्वत सनातन परंपरा की सार्वभौमिकता को दर्शाती है।

उन्होंने उदाहरण देते हुए बताया कि जैसे जापान तकनीक में अग्रणी है और विभिन्न राष्ट्र अपनी-अपनी विशिष्टताओं के लिए पहचाने जाते हैं, उसी प्रकार भारत आध्यात्मिक चेतना का केंद्र रहा है। इसी आध्यात्मिक शक्ति के माध्यम से भारत को पुनः विश्वगुरु बनाने का संकल्प लेने की आवश्यकता है।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि, फिल्म निर्माता अमित जानी ने अपने प्रेरक संबोधन में वर्तमान सामाजिक परिस्थितियों पर सारगर्भित विचार व्यक्त किए। उन्होंने समाज में एकता, जागरूकता एवं सामूहिक उत्तरदायित्व की आवश्यकता पर बल देते हुए सभी वर्गों से एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया। उनका ओजस्वी उद्बोधन श्रोताओं को विशेष रूप से प्रेरित करने वाला रहा।

इस अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत संघचालक प्रताप सिंह जी ने अपने संबोधन में कहा कि हिन्दू समाज को जातिगत विभाजन से ऊपर उठकर सामाजिक समरसता के मार्ग पर अग्रसर होना चाहिए। उन्होंने हिंदुत्व की भावना को सुदृढ़ करते हुए संगठित समाज के निर्माण का संदेश दिया।

सम्मेलन में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं युवाओं की सक्रिय उपस्थिति रही, जिससे कार्यक्रम का वातावरण अत्यंत उत्साहपूर्ण, अनुशासित एवं प्रेरणादायक बना रहा।