राहुल गांधी ने मनरेगा घोटालों पर चुप रहकर आप की हिमायत साबित की – केवल सिंह ढिल्लों

28 February, 2026, 6:16 pm

चंडीगढ़, 28 फरवरी बरनाला में आयोजित कांग्रेस रैली के दौरान किसानों और मनरेगा के तहत काम करने वाले मजदूरों से जुड़े मुद्दों पर चुप्पी साधने को लेकर पंजाब भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। पंजाब भाजपा के स्टेट मीडिया हेड विनीत जोशी की उपस्थिति में उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी द्वारा पंजाब में मजदूरों के साथ मनरेगा के तहत हुए हजारों करोड़ रुपये के घोटालों और किसान संकट का कोई उल्लेख न करना इस बात का प्रमाण है कि पंजाब में कांग्रेस आम आदमी पार्टी की ‘बी टीम’ के रूप में काम कर रही है। यह बात उन्होंने आज चंडीगढ़ में पत्रकारों से बातचीत के दौरान कही।

केवल सिंह ढिल्लों ने कहा कि पंजाब में मनरेगा योजना के तहत बड़े पैमाने पर अनियमितताएं हुई हैं और हजारों करोड़ रुपये के घोटालों के आरोप लगते रहे हैं, लेकिन बरनाला रैली में कांग्रेस ने न तो मजदूरों की बकाया मजदूरी का मुद्दा उठाया और न ही किसानों की समस्याओं पर कोई स्पष्ट रणनीति पेश की। उन्होंने कहा कि पंजाब के लाखों मजदूरों को मनरेगा के तहत मिलने वाले 100 दिनों के रोजगार की गारंटी भी नहीं मिल पाई, जिससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था प्रभावित हुई है।

ढिल्लों ने आरोप लगाया कि कांग्रेस और आम आदमी पार्टी दोनों ही इस मामले में चुप हैं, जिससे स्पष्ट होता है कि दोनों दल एक-दूसरे को राजनीतिक लाभ पहुंचाने के लिए काम कर रहे हैं। 

इस मौके पर उन्होंने केंद्र सरकार की ‘विकसित भारत’ योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि भाजपा सरकार ने मनरेगा में सुधार करते हुए मजदूरों के लिए रोजगार गारंटी 100 दिनों से बढ़ाकर 125 दिन कर दी है।

देश की अर्थव्यवस्था पर बोलते हुए ढिल्लों ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है और 2047 तक देश को विश्व की अग्रणी अर्थव्यवस्था बनाने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कहा कि सरकार का विजन है कि आने वाले वर्षों में भारत की अर्थव्यवस्था 21 से 30 ट्रिलियन डॉलर तक पहुंचे।

उन्होंने दावा किया कि विदेशी व्यापार समझौतों और निवेश से देश में औद्योगिक विकास को बढ़ावा मिल रहा है, जिससे युवाओं के लिए नए रोजगार के अवसर पैदा होंगे और किसानों की आय में वृद्धि होगी।

केवल सिंह ढिल्लों ने कहा कि भाजपा का उद्देश्य देश और पंजाब के मजदूरों, किसानों और युवाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है, जबकि विपक्षी दल केवल राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप तक सीमित हैं।