पंजाब सरकार ओलावृष्टि से प्रभावित किसानों को 50 हजार प्रति एकड़ मुआवजा दे : सरदार सुखबीर सिंह बादल

4 April, 2026, 7:16 pm

 

नाभा/04अप्रैल: शिरोमणी अकाली दल के अध्यक्ष सरदार सुखबीर सिंह बादल ने आज मुख्यमंत्री भगवंत मान से मालवा क्षेत्र में हाल ही में हुई ओलावृष्टि से तबाह हुई गेंहू की फसल के लिए 50 हजार रूपये प्रति एकड़ का मुआवजा जारी करने की मांग करते हुए कहा कि  आम आदमी पार्टी ने अपने 2022 के घोषणा पत्र में यह किसानों से वादा किया था।

हलका इंचार्ज मक्खन सिंह लालका के साथ पार्टी की पंजाब बचाओ अभियान के तहत एक विशाल रैली को संबोधित करते हुए अकाली दल अध्यक्ष ने कहा,‘‘ किसान परेशानी में हैं। मुझे पूरे राज्य से किसानों के फोन आ रहे हैं कि उन्हें पिछले साल आई विनाशकारी बाढ़ में धान की फसल को हुए नुकसान के लिए एक भी रूपया नही दिया गया। अब किसान बठिंडा, मानसा, फाजिल्का और श्री मुक्तसर साहिब जिलों में खड़ी गेंहू की फसलों के व्यापक नुकसान के लिए मुआवजे की अपील कर रहे हैं।’’

सरदार बादल ने कहा कि आम आदमी पार्टी सरकार ने पिछले चार सालों से किसानों को कुछ भी नही दिया है। उन्होने कहा,‘‘ अगर कुछ और नही तो उन्हें कम से कम चुनावी घोषणा पत्र में किए वादे के तहत 50 हजार रूपये प्रति एकड़ की दर से मुआवजा जारी करना चाहिए।’’

सरदार बादल  ने खाद्यान्न भर्ती प्रक्रिया का अभिन्न हिस्सा आढ़ती समुदाय द्वारा सामना की जा रही समस्याओं के बारे में कहा,‘‘ अकाली दल का मकसद आढ़तिया समुदाय के लिए गेंहू और धान के एमएसपी पर 2.5 फीसदी कमीशन की बहाली है। मंडियों में आढ़तियों  की बढ़ती परिचालन लागत को कवर करने के लिए यह बेहद जरूरी है।’’

अकाली दल अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री भगवंत मान की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि उन्होने केंद्र के सामने इस मुददे को मजबूती से नही उठाया और आढ़तिया समुदाय को न्याय दिलाने में नाकाम रहे हैं। उन्होने कहा कि मैं आश्वासन देता हूं कि अकाली दल की सरकार बनने पर हम इस  कमीशन की बहाली करने की हर संभव कोशिश करेंगें।

सरदार बादल ने आज मोगा में उनसे मिलने आए किसानों पर लाठीचार्ज का आदेश देने के लिए मुख्यमंत्री की कड़ी निंदा की है। उन्होने कहा,‘‘ यह साफ है कि मुख्यमंत्री उन किसानों के सवालों का सामना करने से डरते हैं जो आज उनकी रैली वाली जगह पर एकत्र हुए थे और यह पूछना चाहते थे कि शंभू-खनौरी में  आम आदमी पार्टी के विधायकों और नेताओं ने उनकी ट्राॅलियां क्यों चुराई और इस मामले में कोई कार्रवाई क्यों नही की जा रही और पिछले साल विनाशकारी बाढ़ में खड़ी धान की फसल के नुकसान के लिए किसानों को मुआवजा क्यों नही दिया जा रहा ?’’ उन्होने कहा कि किसानों की बात सुनने के बजाय मुख्यमंत्री ने कायरतापूर्ण पुलिस को उन किसानों पर लाठीचार्ज करने का आदेश दिया।


अकाली दल अध्यक्ष ने यह भी बताया कि कैसे आम आदमी पार्टी सरकार अपनी राजनीतिक रैलियों में लोगों को लेकर आने और छोड़ने के लिए राज्य की रोडवेज बसों का इस्तेमाल कर रही है और ये रैलियां सरकारी खर्च पर आयोजित की जा रही हैं। उन्होने कहा,‘‘ यह बहुत बड़ा घोटाला है क्योंकि आम आदमी पार्टी दिल्ली के विक्रेताओं से कमीशन के रूप में भुगतान वापिस ले रही है।’’ उन्होने यह भी बताया कि हाल ही में भगवंत मान के पैतृक गांव सतोज के दौरे के दौरान वहां पूरा लाॅकडाउन लगा दिया गया और यहां तक कि कई गांवों के लोगों के हथियार भी जमा करवाए गए।

पत्रकारों के सवाल का जवाब देते हुए सरदार बादल ने कहा कि राघव चडढा आम आदमी पार्टी से अलग होने ही वाले हैं, और साथ ही कई अन्य नेता भी जल्द ही पार्टी छोड़ देंगें। उन्होने कहा,‘‘ सब जानते हैं कि आम आदमी पार्टी डूबती हुई नैया है और इसके नेताओं को भी यह एहसास है कि उन्होने लोगों को धोखा देने के अलावा कुछ भी नही किया है।’’

पंजाब के लिए अपना दृष्टिकोण सांझा करते हुए सरदार बादल ने बताया कि अगली अकाली दल सरकार एक वल्र्ड स्किल यूनिवर्सिटी स्थापित करगी,जिससे हर साल  एक लाख नौजवानों को कौशल प्राप्त होगा और प्रत्येक जिले में इसके सेंटर खोले जाएंगें। उन्होने सभी अनुसूचित जाति, पिछड़े वर्ग और गरीब छात्रों को स्नातक स्तर की मुफ्त शिक्षा देने की भी घोषणा की। उन्होने नौजवानों को 10 लाख का ब्याज मुक्त कर्जा दिया जाएगा साथ ही आटा-दाल योजना को दोबारा शुरू किया जाएगा और बुढ़ापा पेंशन को बढ़ाकर 3100 रूपये प्रति माह और शगुन भत्ता को बढ़ाकर 1 लाख रूपये कर दिया जाएगा। उन्होने डेयरी और अन्य पशुपालन उद्योग खोलने के लिए 75फीसदी सब्सिडी देने की घोषणा की है।

इस अवसर पर  अन्य वरिष्ठ नेताओं में डाॅ.दलजीत सिंह चीमा, हीरा सिंह गाबड़िया, गुरप्रीत सिंह राजुखन्ना, कबीर दास, सुरजीत सिंह गढ़ी, जसपाल सिंह बिटटू चटठा, सरबजीत सिंह झिंझर, अमित राठी, अमनिंदर बजाज, जगमीत सिंह हरयाऊ, अर्शदीप सिंह कलेर, तेजिंदर सिंह संधू ने भी संबोधित किया।

लोकप्रिय